पाकुड़ पुलिस के हत्थे चढ़ा व्यवसायी का रुपये से भरा बैग उड़ाने वाले दो अपराधी,2.68 लाख बरामद

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में हथियार के बल पर सड़क लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को पाकुड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पकड़े गए अपराधियों के पास से 9 एमएम की एक पिस्टल, लूट के 2 लाख 68 हजार 480 रुपये नगद, दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।गिरफ्तार अपराधियों में गिरिडीह के बेंगाबाद का रहने वाला लालू यादव और देवघर के सोनारायठाड़ी निवासी मनोरंजन कुमार शामिल है। अपराधियों की गिरफ्तारी की पुष्टि पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने की है।

एसपी ने बताया कि पिछले दिनों पाकुड़ के महेशपुर थाना क्षेत्र के एक फाइनेंस कंपनी से जुड़े मर्चेंट अनूप कुमार भगत से हथियार के बल पर अपराधियों ने पैसे से भरे बैग की छिनतई की थी।बैग में 3 लाख 40 हजार रुपये थे। इस मामले के उद्भेदन को लेकर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।पुलिस की टीम ने अनुसंधान के दौरान अपराधियों का पता लगाया और उन्हें धर दबोचा गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर महेशपुर थाना क्षेत्र के डूमरघाटी के खदान से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि महेशपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी फरार हो गए थे और दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र में दोनों अपराधी बाइक से गिरकर घायल हो गए थे।काठीकुंड पुलिस ने इसकी जानकारी पाकुड़ पुलिस को दी थी। सूचना पर एसआईटी में शामिल पुलिस पदाधिकारी काठीकुंड पहुंचे और दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

error: Content is protected !!