रिकवरी एजेंट की हत्या के बाद घर में छुपा दी थी लाश,पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल..

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद में सदर थाना क्षेत्र के बाबूडीह खटाल निवासी अमित कुमार मित्तल उर्फ अग्रवाल की अपहरण के बाद हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विकास खंडेलवाल को गिरफ्तार कर उसके घर से शव बरामद कर लिया है।इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोन सेटलमेंट विवाद को लेकर रिकवरी एजेंट को बेरहमी से मारा गया था।मृतक अमित कुमार मित्तल की पत्नी संगीता देवी ने धनबाद थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पति के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने का आरोप लगाया था।इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

पुलिस के द्वारा तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच सूर्या हाईलाइन अपार्टमेंट तक पहुंची।जहां डुप्लेक्स में रहने वाले विकास खंडेलवाल पर संदेह गहराया. पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर आरोपी टूट गया और उसने धारदार हथियार से अमित मित्तल की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने शव को अपने घर के किचन में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर से शव बरामद कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल लोहे का गड़ांसा, खून से सनी जींस पैंट, मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

डीएसपी (विधि-व्यवस्था) नौशाद आलम ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल से 70 से 80 लाख रुपए के लोन को लेकर विकास और अमित के बीच विवाद चल रहा था।पीएनबी बैंक के द्वारा संपत्ति की नीलामी भी कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, लोन सेटलमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जो इस जघन्य वारदात की वजह बना। आरोपी विकास खंडेलवाल (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

error: Content is protected !!