Ranchi: लोक भवन उद्यान में फूलों की बहार, सैकड़ों लोगों ने लिया प्रकृति का आनंद

 

राँची।राजधानी राँची स्थित लोक भवन उद्यान के सोमवार को आम लोगों के लिए खुलते ही आकर्षण का केंद्र बन गया। उद्यान के दीदार के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच खुशनुमा पल बिताए।रंग-बिरंगे फूलों, सुसज्जित गार्डन और फव्वारों की खूबसूरती ने हर किसी को मोहित कर दिया।उद्यान में घूमने पहुंचे लोग इसकी सुंदरता की तारीफ करते नहीं थक रहे थे।सुबह से ही लोक भवन उद्यान के प्रवेश द्वार पर लोगों की भीड़ देखने को मिली।परिवार के साथ पहुंचे लोग, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ उद्यान में घूमते नजर आए. फूलों की क्यारियों और हरियाली के बीच हर कोई अपनी तस्वीर लेने को लेकर खासा क्रेजी दिखा।

मोबाइल कैमरों और सेल्फी के जरिए लोग यादगार पलों को कैद करते रहे।लोक भवन उद्यान के खुलने से पहले ही प्रकृति प्रेमी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जैसे ही उद्यान आम जनता के लिए खोला गया, लोग अनुशासित तरीके से अंदर प्रवेश करते नजर आए।विद्यार्थियों में खास उल्लास देखने को मिला. वही बुजुर्गों ने शांत वातावरण में टहलते हुए प्रकृति का आनंद लिया।कई लोग सुबह की सैर के दौरान उद्यान की हरियाली में समय बिताते दिखे।

लोक भवन उद्यान में इस बार गुलाबों की खास बहार देखने को मिल रही है।उद्यान में 30 हजार से अधिक गुलाब के फूल मौजूद हैं।लाल, पीले और गुलाबी गुलाबों से पूरा परिसर रंगीन नजर आ रहा है। खास आकर्षण उन पौधों का है, जिनमें एक ही पेड़ पर अलग-अलग रंगों के गुलाब खिले हुए हैं।यह दृश्य लोगों को रुकने और तस्वीर लेने के लिए मजबूर कर रहा है।

वहीं गुलाबों के अलावा सीजनल फूलों की भी आकर्षक सजावट की गई है।विभिन्न रंगों के मौसमी फूलों से क्यारियां सजी हुई हैं, जो उद्यान की सुंदरता को और बढ़ा रही हैं।यहां बनाए गए कृत्रिम पहाड़ और झरने लोगों को प्राकृतिक अहसास दे रहे हैं. फव्वारों से गिरता पानी और आसपास की हरियाली वातावरण को और मनमोहक बना रही है।उद्यान में झारखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाया गया है।सोहराई पेंटिंग, महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।इसके अलावा पीला बांस, रुद्राक्ष, कल्पतरु, स्ट्रॉबेरी, इलायची और तेजपत्ता जैसे पौधे भी लोगों को खासा प्रभावित कर रहे हैं।

कुल मिलाकर लोक भवन उद्यान न सिर्फ प्रकृति प्रेमियों के लिए, बल्कि परिवारों और विद्यार्थियों के लिए भी सुकून और आनंद का केंद्र बन गया है।फूलों की खुशबू, हरियाली और शांत माहौल लोगों को बार-बार यहां आने के लिए आकर्षित कर रहा है।वर्तमान में लोक भवन उद्यान 2 फरवरी से 8 फरवरी तक आम जनता के लिए खुला हुआ है। दर्शक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकते हैं, हालांकि प्रवेश दोपहर 1 बजे तक ही दिया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वर्तमान में उद्यान में लगाए गए नए फूल और दुर्लभ फसलें लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।पहली बार लगाए गए ट्यूलिप फूलों में अच्छी फ्लावरिंग हो चुकी है, जिसे देखने के लिए लोग खास तौर पर पहुंच रहे हैं।इसके अलावा कैना लिली, मरक्यूरिस और रेननकुलस जैसे नए फूल भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं।

error: Content is protected !!