कॉलोनी में गोलियों की तड़तड़ाहट से नए साल की शुरुआत, दहशत में लोग,घटना स्थल से 6 खोखे बरामद

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया नदी काली माटी कॉलोनी में नए साल की शुरुआत फिल्मी स्टाइल में गोलियों की तड़तड़ाहट से हुई।बाइक पर सवार युवकों ने दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।यह घटना पैसे के लेन-देन को लेकर हुई बताई जा रही है। हालांकि, इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।स्थानीय निवासी गुड्डू चौहान के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक काली मंदिर की दिशा से कॉलोनी की ओर आए।पीछे बैठा युवक दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए आए। कॉलोनी में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गुड्डू चौहान ने फायरिंग करने वाले युवक का नाम युवराज बताया है।निरसा पुलिस और एसडीपीओ के मुताबिक, यह घटना पैसे के लेन-देन के विवाद का परिणाम है। निरंजन नाम के एक युवक ने किसी व्यक्ति से 15,000 रुपये उधार लिए थे। पैसे लौटाने में आनाकानी करने और फोन न उठाने पर विवाद बढ़ा। रास्ते में निरंजन मिलने पर हल्की झड़प हुई,जिसके बाद युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।घटना स्थल से पुलिस ने करीब 6 खोखे बरामद किए हैं।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा।गुड्डू चौहान का कहना है कि विवाद में दोनों पक्षों में लड़कों की संख्या क्रमशः 4-5 और 7-8 थी।कॉलोनी में दहशत फैलाने के लिए जान-बूझकर फायरिंग की गई। निरसा एसडीपीओ रजत माणिक बाकला ने कहा,”यह फायरिंग पैसे के विवाद को लेकर हुई है। जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!