धनबाद के अस्पताल से चोरी हुआ नवजात बरामद…अस्पताल के कर्मचारी सहित चार गिरफ्तार..3 लाख में बेचने की थी तैयारी…
धनबाद।धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) से चोरी हुए नवजात बच्चे के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस कांड में शामिल अस्पताल कर्मी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है। बच्चे को आरोपी तीन लाख रुपए में बेचने की तैयारी में थे।
दरअसल, शनिवार की रात शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) से नवजात की चोरी हुई थी। अस्पताल के गायनी वार्ड में महिला व पुरुष आए और खुद को अस्पताल का कर्मचारी बता नवजात की दादी को झांसे में लेकर बच्चा उठाकर ले भागे। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला नवजात को गोद में लिए और पीछे-पीछे पुरुष जाता दिखा था।
इधर, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इश्तियाक अंसारी, हसिमुद्दीन अंसारी, अभिलाषा सिंह और उसका पति कौशल सिंह शामिल है। इश्तियाक अंसारी एसएनएमएमसीएच में कार्यरत है।
सिटी एसपी के अनुसार, जांच में बात सामने आई कि धनबाद के भूली ओपी निवासी अभिलाष सिंह,पति कौशल की मामी राजकुमारी देवी को एक बच्चे की जरूरत थी। इसके लिए अभिलाष सिंह द्वारा 18 दिसंबर को अस्पताल जाकर नर्सों एवं अस्पताल के कर्मियों से संपर्क किया जा रहा था।इसी क्रम में उनकी मुलाकात इश्तियाक अंसारी और हसिमुद्दीन अंसारी से हुई। इन दोनों द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि आपका काम हो जाएगा, इसके एवज में कुछ पैसे खर्च करने होंगे। घटना से पहले इश्तियाक अंसारी व हसमुद्दीन अंसारी, अभिलाष सिंह और कौशल सिंह के लगातार संपर्क में रहे।इश्तियाक व हसीमुद्दीन द्वारा बच्चे के बदले में कुल तीन लाख रुपए देने की बात तय हुई। इसमें कौशल सिंह द्वारा 80 हजार रुपए फोनपे के माध्यम से और 70 हजार रुपए का चेक हसिमुद्दीन को दिया गया था।
इधर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से नवजात बच्चा चोरी की घटना पर आदिवासी समाज ने अपना आक्रोश व्यक्त किया।लोगों ने पारंपरिक हथियारों के साथ अस्पताल के अंदर हंगामा किया।इस दौरान अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल रहा। मामले की सूचना मिलने के बाद एसएसपी प्रभात कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
नवजात बच्चा मिलने के बाद सोमवार को एसएसपी प्रभात कुमार अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे।एसएसपी ने बताया कि वे खुद अस्पताल की सिक्योरिटी ऑडिट करेंगे ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो। वहीं नवजात चोरी मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें अस्पताल का ही एक कर्मी शामिल है. जोकि पूरे घटनाक्रम में संलिप्त रहा है। चोरी की वारदात बच्चा एडॉप्शन से जुड़ा है।

SNMMCH पहुंचे एसएसपी प्रभात कुमार बच्चे की मां से मिले. इसके बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के साथ बातचीत कर इस तरह की घटना की पुनरावृति रोकने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।इधर, नवजात को पाकर बच्चे की मां अब बेहद खुश है और उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया है।

