पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में लूट…दो बाइक में पहुंचे नकाबपोश अपराधी,लूट लिए तीन लाख कैश…
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चतरा-इटखोरी मुख्य पथ पर पांडेयमहुआ स्थित इंदु फ्यूल पेट्रोल पंप पर रविवार देर रात करीब 12:40 बजे नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोलकर तीन लाख की लूट कर ली। इस दौरान अपराधियों ने पंप पर तैनात कर्मियों को बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई की। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दो सफेद अपाचे बाइक पर सवार 5 से 6 नकाबपोश अपराधी पेट्रोल पंप पहुंचे। आते ही वे सीधे पंप के ऑफिस चेंबर में घुस गए। रिवॉल्वर के बल पर वहां मौजूद दो कर्मियों लातेहार निवासी दयानंद सिंह और गिद्धौर के सौरभ पांडे को बंधक बना लिया गया। अपराधियों ने दोनों से कैश के बारे में पूछताछ की और विरोध करने पर उन्हें लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। दहशत के माहौल में कर्मी कुछ भी करने में असमर्थ रहे।
लूटपाट के बाद अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और वाई-फाई का पूरा सेटअप उखाड़ लिया। यही नहीं, जाते समय दोनों कर्मियों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, जिन्हें कुछ दूरी पर फेंक दिया गया। पंप संचालक कविंद्र कुमार ने बताया कि अपराधियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूट और मारपीट की घटना हुई है। पुलिस टीम रात से ही छापेमारी कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है।जल्द ही गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा। हालांकि, जिस तरह से नकाबपोश अपराधी बेखौफ होकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, उसने पुलिसिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

