भाई बना भाई का कातिल…चाकू से गोदकर मार डाला; नहीं था कोई विवाद,आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल..
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर चार नंबर में बुधवार की देर रात एक युवक ने चाकू मारकर अपने सहोदर बड़े भाई तेजो भुईंया की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी दीपक भुईंया उर्फ छपरा (25 वर्ष) को जमुआ पंचायत के मुखिया अर्जुन भुईंया की मदद से स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जमकर पीटने के बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। तेजो भुईंया (33 वर्ष) पेशे से राजमिस्त्री था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पत्नी आरती देवी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरती देवी ने फर्द बयान में बताया कि बुधवार की रात करीब साढ़े सात बजे उसके पति परिवार के साथ घर पर बैठे थे। तभी उसका देवर दीपक घर के दरवाजे पर पहुंचकर लात मारने लगा और गाली-ग्लौज करने लगा। उसके पति बाहर निकले तो पहले से हाथ में धारदार चाकू लिए दीपक ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गए। हो-हल्ला सुनकर वहां से गुजर रहे पड़ोसी नरेश रवानी बीच-बचाव करने पहुंचे तो दीपक ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। इससे नरेश भी जख्मी हो गए। उसके पति को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार की सुबह उनकी मौत हो गई।आरती ने बताया कि उसके दो छोटे-छोटे पुत्र कृष्णा कुमार (9) और किशन कुमार (7) हैं। उसके पति और देवर के साथ पहले से कोई विवाद नहीं था। पोस्टमार्टम के बाद तेजो भुईंया का शव गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कतरास लिलौरी स्थान स्थित मुक्तिधाम घाट पर कर दिया गया।

