राँची के बेड़ो में दीपावली की रात गोलीबारी…दोनों हाथों में पिस्टल लहराते हुए आया अपराधी और जुआ खेल रहे युवक की गोली मारकर कर दी हत्या
राँची।जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र स्थित मुड़ामु गांव में दीपावली की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना देर रात लगभग दो बजे घटी। मृतक सोमा उरांव गांव के ही अखाड़ा में जुआ खेल रहे थे।मृतक के पिता फगुवा उरांव ने बताया कि तभी एक अज्ञात अपराधी दो हाथों में पिस्टल लहराते हुए आया और सोमा उरांव को सटाकर कई गोलियां दाग दीं। गोलीबारी के दौरान अखाड़ा में मौजूद अन्य लोग डर के मारे इधर-उधर भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार राम, पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव और फोरेंसिक जांच टीम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।पुलिस ने मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक सोमा उरांव पूर्व में हत्या के मामले में दो बार जेल जा चुका था। लगभग एक साल पहले जेल से छूटने के बाद अपने गांव में रह रहा था।
सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।मामले का खुलासा जल्द किया जा सके। इस संबंध में पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच में यह भी देखना है कि घटना का कोई पुराना विवाद या बदला इसमें शामिल तो नहीं है।
घटना के बाद मुडामु गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन गश्त बढ़ा दी है। घटना ने एक बार फिर गांवों में जुए और अवैध गतिविधियों के खतरों पर चिंता बढ़ा दी है।

