राँची के सिटी डीएसपी का रीडर 25 हजार घूस लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा…एसीबी की कार्रवाई से राँची पुलिस महकमे में मचा हड़कंप…
राँची।राजधानी राँची में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। राँची के सिटी डीएसपी के रीडर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।दहेज उत्पीड़न के एक मामले को लेकर डीएसपी के रीडर के द्वारा 40 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी।एंटी करप्शन ब्यूरो राँची के द्वारा जारी किए गए प्रेस रिलीज में बताया गया है कि मिथुन कुमार नाम के एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन ब्यूरो को आवेदन के द्वारा यह सूचना दी थी कि राँची के सिटी डीएसपी के रीडर सुनील पासवान के द्वारा दहेज उत्पीड़न के मामले में 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के द्वारा जब मामले की तफ्तीश की गई तो उसमें मामले को सत्य पाया।रीडर सुनील के द्वारा आवेदन कर्ता के द्वारा 25 हजार देने की बात पर सहमति बनी।एंटी करप्शन ब्यूरो के इशारे पर जैसे ही आवेदक के द्वारा रीडर को 25 हजार दिए गए उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मिथुन कुमार ने अपने लिखित आवेदन में यह बताया था कि उनके बड़े भाई जितेंद्र कुमार जो वनरक्षी हैं उनके विरुद्ध राँची के चुटिया थाना में दहेज प्रतिषेध अधिनियम दर्ज कर उन्हें आरोपी बनाया गया है।इस कांड में आवेदक के बड़े भाई का नाम केस से हटाने और केस को हल्का करने की एवज में रीडर के द्वारा 40 हजार रुपये की मांग की गई।आवेदक रिश्वत देकर किसी भी तरह से कोई काम करवाना नहीं चाहते थे। इसके बाद उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और फिर ब्यूरो के द्वारा रीडर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।इधर एसीबी के कार्रवाई से राँची पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

