राजधानी राँची के पंडरा ओपी में लोगों ने किया तोड़फोड़..सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत के बाद लोगों का फूटा गुस्सा,डीएसपी ने कहा-तोड़फोड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
राँची।राजधानी राँची में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय उत्तम कुमार की मौत के बाद गुस्साये लोगों ने आज शनिवार देर शाम पंडरा थाना के सामने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया।लोगों ने सड़क जाम कर दी।आक्रोशित भीड़ ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।उसके बाद गुस्साए लोगों ने थाना के अंदर घुसकर में तोड़फोड भी की गयी। थाना परिसर में रखे गये वाहनों के शीशे भी तोड दिये गये।आग लगाने की कोशिश की है।लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि 16 सितंबर को उत्तम कुमार संजय गांधी कॉलेज के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था।उसे पहले सिटी अस्पताल, फिर राम प्यारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में उदासीनता दिखाई।समय पर उचित इलाज मिलता तो उत्तम बच जाता।सड़क जाम के कारण पंडरा रोड पूरी तरह से जाम हो गया। सड़क पर वाहनों का लंबी कतार लग गयी।
इधर हंगामा की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।मौके पर कोतवाली डीएसपी ,सुखदेवनगर थाना प्रभारी सहित कई थाना के थानेदार पहुँचे हैं।पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत करा दिया है।
वहीं कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने कहा कि हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी।वीडियो और फोटो के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।


