नशेड़ी बेटे के साथ बाप का झगड़ा,मारपीट में बेटे की मौत,बाप घायल…
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में आपसी विवाद और मारपीट में एक अनहोनी हो गयी है। पिता और पुत्र के आपसी झगड़े ने ऐसा रूप ले लिया कि पिता के हाथों पुत्र की हत्या हो गयी।ये मामला जिला के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव के जायसवाल टोला का है।
सौम्यांक जायसवाल शराब और ड्रग्स के नशे का आदि हो चुका था।सौम्यांक ने बिना बताए अपने पिता के बैंक खाते से लाखों रुपए निकाल लिया था।साथ ही उसने बाजार से लाखों रुपये उधार भी लिया था और उसी पैसे से ऑनलाइन जुआ, ड्रग्स-शराब में उड़ा दिया। इसी बात को लेकर बाप-बेटे में कुछ दिनों से विवाद हो रहा था।
शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट शुरू हो गया। देखते ही देखते यह मारपीट घर में रखे धारदार हथियार और लाठी-डंडे से होने लगी।इसी बीच पिता के द्वारा धारदार हथियार से पुत्र के सिर पर जोरदार वार हो गया। जिससे वह जमीन पर गिर गया।
इस मारपीट का शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग और पड़ोसी वहां पहुंचे। इसके बाद जख्मी पिता और जमीन पर बेसुध पुत्र को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने पुत्र को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल पिता को बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर कर दिया।
बता दें कि सुशील जायसवाल का बड़ा बेटा मृतक सौम्यांक जायसवाल टाटा डीएवी स्कूल में इंटर का छात्र था।जबकि पिता सुशील कुजू के ट्रांसपोर्ट नगर में मुंशी का काम करते हैं।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद वेस्ट बोकारो ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है।रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि पिता-पुत्र का घरेलू विवाद के कारण झगड़ा होने की सूचना मिली थी।मौके पर पुलिस गई तो पता चला कि पुत्र की मौत हो गई है और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए है और इलाज के लिए राँची ले जाया गया है।इस पूरे मामले से सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

