झारखण्ड:बाजार जा रहे दो बकरी व्यापारियों से हथियार के बल पर 1.70 लाख की लूट,पिकअप वैन से आए थे 8 अपराधी

जमशेदपुर।कोतवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर-ओडिशा मेन रोड स्थित रसुनचोपा के पास ओडिशा के दो व्यापारियों से 8 की संख्या में आए बदमाशों ने 1.70 लाख रुपए लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने व्यापारियों के साथ मारपीट भी की। ओडिशा के रायरंगपुर के व्यापारी प्रताप बेहरा और मुख्तार से लूट के लिए बदमाशों ने उनकी पिकअप वैन पर फायरिंग भी की। आगे का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से भाग निकले। सभी बदमाश भी एक पिकअप वैन में सवार थे

घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। व्यापारी प्रताप से 1.40 लाख और मुख्तार से 30 हजार रुपए लूटे गए। पीड़ितों ने बताया कि दोनों बकरी व्यापारी है। पीकअप वाहन से बकरी खरीदने के लिए दोनों पैसे लेकर हल्दीपोखर हाट जा रहे थे। इसी दौरान झारखण्ड-ओडिशा बॉर्डर स्थित तीरिंग के पास पिकअप वैन पर 8 बदमाशों ने उन्हें रोका।

ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी तो टाटा मैजिक पर सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने उनके वाहन पर फायरिंग की और उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। इसके बाद पिस्टल की नोक पर दोनों से लूट की घटना को अंजाम दिया। प्रताप के सिर पर बदमाशों ने पिस्तौल की बट से वार भी किया।