लॉकडाउन में मजदूरों पर हर तरफ से कहर:24 घण्टे के अंदर 16 प्रवासी मजदूरों की सड़क हादसे में मौत, 60 से ज्यादा घायल

कोरोनावायरस महामारी और लॉकडाउन की सबसे बुरी मार प्रवासी मजदूरों पर पड़ रही है। हर कुछ दिनों में देश के किसी न किसी राज्य में प्रवासी मजदूर के साथ दुर्घटना के मामले सामने आ रहे हैं। लॉकडाउन के बाद से लेकर अब तक पिछले 24 घंटे देश में सड़क हादसों के लिए सबसे ज्यादा खराब रहा है। इस दौरान तीन अलग-अलग राज्यों (उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश) में सड़क दुर्घटनाओं में 16 प्रवासी मजदूरों की मौत हुई, जबकि 60 से ज्यादा घायल हुए।

सड़क दुर्घटनाओं में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा मौतें मध्य प्रदेश में हुईं। राज्य के गुना में कैंट पीएस इलाके में एक अनियंत्रित ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 लोग घायल हुए। हादसा गुरुवार सुबह 3 से 4 बजे के बीच हुआ। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सभी मृतक उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे और अपने घर ही जा रहे थे। घायलों को फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरी बड़ी घटना उत्तर प्रदेश में हुई। यहां मुजफ्फरनगर – सहारनपुर हाईवे पर देर रात एक तेज रफ्तार बस ने घलौली चेक पोस्ट के पास 6 प्रवासी मजदूरों को कुचल दिया। दुर्घटना में 5 श्रमिक बुरी तरह घायल हैं। सहारनपुर के एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसके शराब पीकर गाड़ी चलाने का शक है।

बिहार के समस्तीपुर स्थित शंकर चौक में भी आज एक बस-ट्रक की टक्कर में 2 लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में दुर्घटनाग्रस्त हुई बस में 32 प्रवासी मजदूर सवार थे। यह लोग मुजफ्फरपुर से कटिहार तक का सफर तय कर रहे थे।