लेनदेन के विवाद में युवक का अपहरण, कुछ घंटों में पुलिस ने छुड़ाया; पांच आरोपी गिरफ्तार
राँची।राजधानी में शुक्रवार को गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित रॉक गार्डन के पास सीसीएल कर्मी मोहित कुमार सिन्हा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बाइक रोककर बदमाशों ने उसे जबरन कार में बैठाया और फरार हो गए। हालांकि, दोस्त की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण की वारदात कुछ ही घंटों में खत्म हो गई।पुलिस ने शहर की नाकेबंदी कर रिंग रोड के पास अर्टिगा कार को घेर लिया और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपहृत मोहित को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की अर्टिगा कार पुलिस ने जब्त कर ली है।
बाइक रुकवाकर जबरन कार में बैठाया
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे बजे के बीच मोहित कुमार सिन्हा अपने दोस्त अमन कुमार वर्मा के साथ बाइक से लालपुर की ओर से कांके रोड स्थित घर लौट रहा था। रॉक गार्डन के पास पहले से घात लगाए तीन युवकों ने बाइक रुकवा दी। आरोपियों ने मोहित को बाइक से उतारा और जबरन अपने साथ ले जाने लगे।अमन ने विरोध करते हुए वजह पूछी तो आरोपियों ने बकाया पैसों का हवाला दिया। अमन ने मामले को घर या थाना में सुलझाने की बात कही, लेकिन आरोपी नहीं माने। कुछ दूरी पर खड़ी सफेद अर्टिगा कार में पहले से दो युवक मौजूद थे। पांचों आरोपियों ने मिलकर मोहित को जबरन कार में बैठाया और फरार हो गए।
दोस्त ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद अमन ने हिम्मत नहीं हारी। उसने अपनी बाइक से कार का पीछा किया और कार के नंबर के आखिरी चार अंक नोट कर लिए। इसके बाद वह सीधे गोंदा थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि मोहित की जान को खतरा हो सकता है।मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदा थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए शहर से बाहर निकलने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी शुरू कर दी। कार के नंबर और हुलिए के आधार पर पुलिस टीम ने रिंग रोड के पास घेराबंदी की और अर्टिगा को रोक लिया।
सीसीएल में नौकरी के नाम पर 1.20 लाख के लेनदेन का विवाद
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में मामला सीसीएल में कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर हुए पैसों के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। मोहित पर नौकरी के नाम पर कुल 1.20 लाख रुपये लेने का आरोप है। इसमें से 20 हजार रुपये लौटाए जाने की बात सामने आई है, जबकि एक लाख रुपये के बकाया को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद आरोपियों द्वारा मोहित का अपहरण किए जाने की बात सामने आई है।फिलहाल पुलिस पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे मामले में लेनदेन, अपहरण की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
एक सप्ताह में दूसरा अपहरण, पुलिस की चुनौती भी बढ़ी
राँची शहर में एक सप्ताह के भीतर युवक के अपहरण की दूसरी घटना सामने आने से अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।इससे पहले इसी तरह का मामला अरगोड़ा थाना क्षेत्र में बीते रविवार को हुआ था।उस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और पीड़ित को बरामद कर लिया था।आज के मामले में भी पुलिस ने सूचना मिलते ही तेजी दिखाई और कुछ ही घंटों में अपहृत युवक को बरामद करते हुए पांच आरोपियों को दबोच लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे सिर्फ पैसों का विवाद था या इसके पीछे कोई और वजह भी थी।

