लापता युवक का शव डैम से बरामद, मां ने जताई हत्या की आशंका,जांच में जुटी है पुलिस..
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के मझला दावना गांव स्थित डैम से शुक्रवार को 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।युवक पिछले दो दिनों से लापता था। सुबह स्थानीय लोगों ने डैम में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुंची सरायकेला थाना पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे शव को बाहर निकाला।शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मझला दावना निवासी सूरज मार्डी 24 जून को गांव के डैम में मछली पकड़ने गया था। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य युवक भी थे, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक की मां ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बेटे की मौत सामान्य डूबने की घटना नहीं लगती। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से हुई मौत लग रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

