रात में अचानक सड़कों पर उतरे SSP राकेश रंजन, क्राइम हॉटस्पॉट पर पुलिस का धावा; अड्डेबाज और शराबियों को खदेड़ा
राँची। राजधानी में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए मंगलवार की रात पुलिस का पूरा अमला अचानक सड़क पर उतर गया। एसएसपी राकेश रंजन ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी पूरी टीम के साथ शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई चिन्हित क्राइम हॉटस्पॉट्स का औचक निरीक्षण किया। पुलिस के इस नाइट ऑपरेशन से उन इलाकों में हड़कंप मच गया, जहां देर रात तक अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियां चलती रहती हैं।
एसएसपी राकेश रंजन के साथ ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, कोतवाली एएसपी निखिल राय समेत कई डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद हैं। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ पुलिस की मौजूदगी और गश्ती व्यवस्था को भी परखा।
पुलिस टीम ने तिलता चौक, कटहल मोड़, ओटीसी ग्राउंड, बड़ा तालाब परिसर, अरगोड़ा चौक ,बरियातू ,समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। इन स्थानों पर अक्सर असामाजिक तत्वों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों से इलाके की स्थिति, पेट्रोलिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया।
रात के निरीक्षण के दौरान जहां लोग बेवजह समूह बनाकर बैठे मिले या खुले में शराब का सेवन करते नजर आए, वहां पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से हटाया। एसएसपी ने साफ कर दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे स्थानों को लगातार निगरानी में रखा जाए और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए।
एसएसपी राकेश रंजन ने संबंधित डीएसपी और थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी कि चिन्हित क्राइम हॉटस्पॉट पर लगातार नजर रखें। उन्होंने एंटी क्राइम चेकिंग, वाहन जांच और नियमित पेट्रोलिंग तेज करने का निर्देश दिया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी ऐसी होनी चाहिए कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गतिविधियां संचालित करने का मौका ही न मिले। किसी इलाके में लगातार अड्डेबाजी या संदिग्ध गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित पुलिस पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
रात में पुलिस के उतरने से असामाजिक तत्वों में हड़कंप
एसएसपी के नेतृत्व में देर रात चले इस औचक निरीक्षण से राजधानी के कई इलाकों में असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराध नियंत्रण को लेकर अब केवल थानों में बैठकर कार्रवाई नहीं, बल्कि अधिकारी खुद मैदान में उतरकर व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार आने वाले दिनों में भी ऐसे सरप्राइज नाइट इंस्पेक्शन और एंटी क्राइम अभियान जारी रहेंगे, ताकि राजधानी में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

