पुलिस मुख्यालय में लंबित मामलों की समीक्षा, डीजीपी ने कहा- समयबद्ध तरीके से करें निष्पादन
राँची।पुलिस मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को झारखण्ड की महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में ACP/MACP एवं मालखाना से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में लंबित मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने सभी जिलों में पुलिसकर्मियों, ट्रेड चालक, आर्मोरर एवं हवलदार संवर्ग से संबंधित ACP/MACP के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अगले एक वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों तथा पहले से सेवानिवृत्त हो चुके कर्मियों से संबंधित लंबित ACP/MACP मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया।
बैठक में आरक्षी से हवलदार, आरक्षी/हवलदार से सहायक अवर निरीक्षक तथा सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति से संबंधित लंबित मामलों के भी शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
मालखाना के रिकॉर्ड दुरुस्त करने पर जोर
डीजीपी ने मालखाना के व्यवस्थित रख-रखाव, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा मालखाना एवं कांडों के प्रभार से संबंधित लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने को कहा। जिलों में ऐसे थानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया, जहां पूर्व में पदस्थापित एवं स्थानांतरित हो चुके पुलिस पदाधिकारियों के पास कांडों या मालखाना का प्रभार लंबित है। वर्तमान थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित प्रभार विधिवत ग्रहण कराने को कहा गया।
रिक्त पदों का 50 प्रतिशत रोस्टर क्लियरेंस कराने का निर्देश
डीजीपी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को पुलिस सभा आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिलों में पुलिसकर्मियों के रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पदों का रोस्टर क्लियरेंस कराने तथा विभिन्न संवर्गों में रिक्तियों की स्थिति दर्शाने वाली सूची 15 दिनों के भीतर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक मानवाधिकार पंकज कम्बोज, पुलिस महानिरीक्षक प्रोविजन पटेल मयूर कनैयालाल, पुलिस उप-महानिरीक्षक झारखण्ड जगुआर (एसटीएफ) इंद्रजीत महथा सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक तथा वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

