नेपाल में बाढ़ के बीच राँची का इंजीनियर दंपती लापता, 26 अगस्त की सुबह हुई थी आखिरी बात
राँची। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच रांची के हिनू निवासी इंजीनियर दंपती के लापता होने की खबर से परिवार की चिंता बढ़ गई है। अंकित रंजन और उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा नेपाल घूमने गए थे, लेकिन 26 अगस्त की सुबह के बाद दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है। परिजन लगातार उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी की उम्मीद में जुटे हैं।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, अंकित रंजन और अंकिता चंद्रा यूके से नेपाल घूमने पहुंचे थे। दोनों पेशे से इंजीनियर हैं। अंकित रंजन वर्तमान में यूके के नागरिक हैं और जेपी मॉर्गन में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा भी यूके में इंजीनियर हैं।
अंकित रंजन के छोटे भाई तनय रंजन के अनुसार, 26 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे अंकित और अंकिता दस्तावेज तैयार कराने के सिलसिले में नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे। इसी दौरान तनय की अपने बड़े भाई अंकित से आखिरी बार बातचीत हुई थी।इसके बाद दोनों से परिवार का संपर्क टूट गया। काफी समय तक संपर्क नहीं होने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और दोनों की तलाश शुरू की गई। नेपाल में बाढ़ और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
तनय रंजन ने बताया कि उनके बड़े भाई अंकित रंजन वर्ष 2009 में राँची छोड़कर यूके चले गए थे। वहां उन्होंने इंजीनियर के रूप में अपना करियर बनाया। वर्तमान में वह जेपी मॉर्गन में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा भी यूके में इंजीनियर हैं।तनय रंजन वर्तमान में नासिक में रहते हैं। उन्होंने बताया कि नेपाल जाने के बाद से भाई और भाभी से संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार दोनों के सुरक्षित होने की उम्मीद कर रहा है और उनकी तलाश के लिए संबंधित स्तर पर संपर्क किया जा रहा है।
नेपाल में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच राँची के इस इंजीनियर दंपती के लापता होने की खबर ने परिजनों को बेहद चिंतित कर दिया है। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों के बारे में सुरक्षित जानकारी मिल सकेगी।

