चोरी की नीयत से घर में घुसे युवक ने बुजुर्ग महिला का दबाया गला, शोर सुनकर पहुंचे बेटे व स्थानीय लोगों ने दबोचा

 

राँची।लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू नगरा टोली (विमेंस कॉलेज/कौशल कॉलेज के सामने) में गणेश पूजा के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।घर में बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर चोरी की नीयत से घुसे एक युवक ने पकड़े जाने के डर से महिला की जान लेने की नीयत से उसका गला दबा दिया। महिला के चिल्लाने पर पहुंचे बेटे और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले करने की तैयारी की।पीड़ित बुजुर्ग महिला के 26 वर्षीय पुत्र अभय लकड़ा ने लालपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद मुश्ताक उर्फ छोटू (उम्र करीब 23 वर्ष, पिता इशक अंसारी, निवासी इस्लाम नगर, इमली बाड़ी, थाना लोअर बाजार) के रूप में हुई है।

पानी पीने का बहाना बना बुजुर्ग महिला पर किया हमला

घटना रात करीब 9:30 बजे की है। अभय लकड़ा के अनुसार, गणेश पूजा के उत्सव के कारण घर के अन्य लोग व्यस्त थे और उनकी वृद्ध मां घर पर अकेली थीं।मौका देखकर आरोपी चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुआ। बुजुर्ग महिला ने जब उसे टोका, तो उसने बचने के लिए पहले पानी पीने का बहाना बनाया।महिला ने जैसे ही उसे पीने के लिए पानी दिया, उसने महिला को अकेला देखकर सीधे उसका गला दबाना शुरू कर दिया।

बेटे का हाथ मरोड़ा, शोर सुन जुटे 10-12 पड़ोसियों ने पकड़ा

गला दबाए जाने के दौरान बुजुर्ग महिला ने जान बचाने के लिए ‘बचाओ-बचाओ’ का शोर मचाया। घर से कुछ ही दूरी पर मौजूद बेटा अभय आवाज सुनकर तुरंत अंदर पहुंचा।उसने देखा कि युवक उसकी मां का गला दबा रहा था।अभय ने जैसे ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, उसने अभय के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका हाथ मरोड़ दिया।इसके बाद अभय ने जब जोर-जोर से ‘चोर-चोर’ का शोर मचाया, तो आसपास के 10-12 स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आरोपी को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद मुश्ताक उर्फ छोटू बताया। पीड़ित परिवार ने लालपुर थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ घर में चोरी की नीयत से घुसने और बुजुर्ग महिला की जान लेने के प्रयास के आरोप में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

error: Content is protected !!