महिला सामूहिक दुष्कर्म मामला:पुलिस ने सभी छह आरोपियों को किया गिरफ्तार,महिला के पति को बंधक बनाकर किया था सामूहिक दुष्कर्म

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिला के सतबरवा थाना क्षेत्र में महिला के साथ शनिवार रात को सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी।इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार सभी छह आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सभी आरोपी बकोरिया के रहने वाले हैं।पहले दो आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया था।बताया जाता है कि पीड़ित महिला तीन माह की गर्भवती थी।

क्या है मामला:

जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति से नाराज होकर लातेहार के मनिका के इलाके में अपने मायके जा रही थी।इसी बीच पति बाइक से पत्नी को तलाशते सतबरवा इलाके में पहुंचा।यहां पति ने पत्नी को पैदल जाते देखा तो वह पत्नी को मनाने लगा।तभी पति के साढ़ू का भाई (महिला के बहनोई का भाई) भी मौके पर पहुंच गया। यहां दोनों महिला को मनाने की कोशिश कर रहे थे, तभी छह युवक आ धमके। ये युवक तीनों को बंधक बनाकर पास के ही स्टोन क्रशर में ले गए।आरोपियों ने महिला के बहनोई के भाई की जमकर पिटाई की, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। महिला के पति को भी जमकर पीटा।इसी क्रम में सभी छह युवकों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। किसी तरह पति आरोपियों के चंगुल से भागा और दौड़ते हुए पुलिस पेट्रोलिंग टीम के पास पहुंचा और जानकारी दी।