Jharkhand:तारकोल (अलकतरा) भरा ड्रम फटने से हादसा,गांव के दो युवक व छह बच्चे जख्मी हो गए।

पाकुड।महेशपुर-अमड़ापाड़ा सीमा पर स्थित छोटा कोलकीपाड़ा गांव में बुधवार की सुबह गर्म करने के दौरान तारकोल (अलकतरा) भरा ड्रम फट गया। इस हादसे में गांव के दो युवक व छह बच्चे जख्मी हो गए। सभी को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा ले जाया गया। थाना प्रभारी अमड़ापाड़ा मनोज कुमार अस्पताल पहुंचकर घायलों के परिजनों से घटना की जानकारी ली। डॉ. शालिनी कुमार व प्रमोद कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से जख्मी मनोज, मुनीता और कंचन को दुमका रेफर कर दिया गया। सभी खतरे से बाहर हैं।

कैसे हुई घटना

कोलकीपाड़ा मोड़ से बासकेंद्री गांव तक नई सड़क का निर्माण हो रहा है। घटना के दिन सड़क पर पथ अवरोध (बंपर) बनाने के लिए ड्रम में बचा तारकोल गर्म किया जा रहा था। गांव के नंदलाल मुर्मू और राजकुमार साहा तारकोल गर्म कर रहे थे। जहां तारकोल गर्म हो रहा था उसके आसपास गांव के कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी बीच राजकुमार और नंदलाल ने गर्म तारकोल में ठंडा पानी डाल दिया। पानी डालते ही ड्रम ब्लास्ट कर गया। इससे आसपास खेल रहे छह बच्चे तथा स्वयं नंदलाल व राजकुमार जख्मी हो गए।

तारकोल गरम करने के दौरान ड्रम फटने की आवाज सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई। तारकोल से झुलसे बच्चे छटपटाने लगे। गांव में भाग-दौड़ होने लगी। महिलाएं अपने-अपने बच्चों को इधर-उधर खोजने में जुट गई। झुलसने के बाद कुछ बच्चे जमीन पर गिर पड़े। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। कुछ ग्रामीणों ने तुरंत 108 नंबर डायल कर एंबुलेंस बुलाया। एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अमड़ापाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना के बाद घटना स्थल पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

जख्मी होने वालों के नाम
नंदलाल मुर्मू 28 वर्ष,राजकुमार साहा 30 वर्ष,कंचन साहा 16 वर्ष,रतन साहा 13 वर्ष,मनोज मुर्मू 09 वर्ष,मुनीता मुर्मू 08 वर्ष,सूरज साहा 06 वर्ष,अनिता मुर्मू 04 वर्ष।