रिम्स की महिला डॉक्टर से गिरिडीह में अभद्रता के मामले में मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, दो जवान निलंबित

गिरिडीह। रिम्स की महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार देर रात की है। घटना के बाद महिला डॉक्टर ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से शिकायत की थी जिसके बाद सीएम ने गिरिडीह पुलिस और गिरिडीह के उपायुक्त को इस संबंध में कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके बाद एसपी सुरेंद्र झा ने इस मामले में क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) के दो जवानों को निलंबित कर दिया है। महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में गिरिडीह पुलिस और उपायुक्त को कार्रवाई का निर्देश दिया है।

जवानों ने कार को रोकने का इशारा किया लेकिन कार के ड्राइवर ने स्पीड कम नहीं की!

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गिरिडीह पुलिस ने ट्वीट किया कि नक्सल प्रभावित पीरटांड इलाके में रात को लोगों की सुरक्षा के लिए जवानों को तैनात किया गया है। सोमवार की रात उन्होंने देखा कि एक कार तेज रफ्तार से गिरिडीह की ओर जा रही है। फिर स्कॉर्पियो जवानों ने कार को रोकने का इशारा किया लेकिन कार के ड्राइवर ने स्पीड कम नहीं की। तीन बार रोकने के निर्देश के बावजूद कार न रुकने से संदेह हुआ। आखिर में कार को कोलडीहा के पास रोका गया। ड्राइवर से पूछताछ की गई और कार को नहीं रोकने का कारण पूछा गया। इस संबंध में पुलिस जवान राजेंद्र कुमार और कुमार वरदज भास्कर को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

मारपीट करने वाले लोग सिविल ड्रेस में पुलिस के जवान थे!

महिला डॉक्टर ने ट्वीट में लिखा कि सोमवार रात को वो अपनी कार से ड्राइवर के साथ रांची से देवघर जा रही थी। इस दौरान एक स्कॉर्पियो सवार 12 से 13 लोगों ने उनके कार को ओवरटेक कर रोक दिया और उनके चालक के साथ मारपीट की गई। साथ ही उनके साथ भी अभद्रता की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले लोग सिविल ड्रेस में पुलिस के जवान थे। उन्होंने लिखा कि उनके ड्राइवर ने सुनसान रास्ते को देख कार को नहीं रोका। जब वे गिरिडीह के कोलडीहा के पास पहुंचे तो स्कॉर्पियो को आगे जाने के लिए अपनी कार की गति को धीमी कर दिया। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक ने उसे ओवरटेक कर उनकी कार को रोक दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो में से 12-13 लोग नीचे उतरे जिनके हाथ में एके-47 था। फिर सभी ने पहले उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की और फिर उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की।