गोड्डा:पेट्रोल पंप में लगी आग,दो बाइक जलकर राख,दमकलकर्मियों ने एक घंटे में पाया काबू,बड़ा हादसा टला

गोड्डा।झारखण्ड में गोड्डा शहर के भागलपुर रोड स्थित बद्री फ्यूल नामक HP पेट्रोल पंप में गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे आग लग गई। पंप कर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन लपटें देखते ही देखते तेज हो गई। थोड़ी देर में पंप परिसर में आग धू धू कर जलने लगी। इस दौरान पेट्रोल लेने गए दो लोगों की बाइक भी जल कर राख हो गई।

वहीं शहर में पेट्रोल पंप में आग लगने की घटना की खबर तेजी से फैल गई। सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नगर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। अग्निशमन दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने पर पेट्रोल पंप पर लगा एक मीटर पूरी तरह जल गया है। घटना से लाखों के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

इधर अग्निशमन वाहन के तत्काल मौके पर पहुंचने से आग पर जल्दी काबू पा लिया गया। इस कारण बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल पंप परिसर में अग्निशमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठ रहे है। यह पेट्रोल पंप बीच शहर में है। परिसर में बालू भी नहीं था। आग लगने से एक ग्राहक भी चपेट में आया है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।


सुबह करीब साढ़े दस बजे के आसपास पंप पर आग लगी ।बताया जाता है कि पेट्रोल पंप के निकट में रेनबो चाइल्ड हॉस्पिटल और रिलायंस मॉल भी है। आग लगने पर वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। लोगों का कहना था कि अगर आग की लपटें पंप के सिलेंडर तक फैल जातीं तो हादसा बहुत बड़ा हो सकता था। ऐन वक्त पर अग्निशमन दस्ते के पहुंचने से स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया।