सरायकेला:भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत,दो घायल,गृह प्रवेश कार्यक्रम में रामगढ़ से जमशेदपुर जा रहे थे

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे भीषण सड़क दुघर्टना में चार लोगों की दर्दनाक मौत हुई है।बताया गया कि एनएच-33 पर नारगाडीह के पास खड़ी कंटेनर को राँची की ओर से आ रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें पति-पत्नी सहित 4 लोगों की मौत हो गई। 2 घायल हैं। मरने वालों की पहचान सुरेश करमाली, रेणुका देवी,बेटी संध्या और 8 माह की बच्ची मिष्टी के रूप में की गई है। इस घटना में सुरेश का बेटा प्रवीण कुमार और एक बेटी पुष्पा देवी घायल हैं। पुष्पा की स्थिति गंभीर होने पर टीएमएच में इलाज चल रहा है। हादसे के दौरान घटना स्थल पर चार लोगों की मौत हुई थी।

मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार एक ही परिवार के 6 लोग रामगढ़ के बड़काकाना से जमशेदपुर गृह प्रवेश में हिस्सा लेने जा रहे थे।जिसमें 3 महिला भी शामिल थी।नारगाडीह के पास कार चालक ने वाहन पर अपना संतुलन खो दिया। चालक ने सड़क के किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते के बाद चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। वाहन में फंसे लोगों व मरने वालों के शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

वहीं घायल हुए लोगों ने बताया कि दुर्घटना के शिकार हुए परिवार के मुखिया सुरेश आर्मी में सिख रेजिमेंट में कार्यरत थे। फिलहाल वह सेवानिवृत्त हो चुके थे। वह लोग अपने एक परिचित के कार्यक्रम शामिल होने रामगढ़ के बरकाकाना से जमशेदपुर के बिरसानगर आ रहे थे। कार प्रवीण चला रहा था। उसके बगल वाली सीट में बहन पुष्पा बैठी थी। यह लोग सुबह 5 बजे ही घर से निकल चुके थे। रास्ते में प्रवीण की आंख लग गई जिससे कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।