गिरिडीह:दवाई दुकान से पेट दर्द की दवा लिया फिर अपराधियों ने दवा दुकानदार को मार दी गोली

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के मोहनोडीह स्थित अपने मेडिकल स्टोर में बैठे भाजपा कार्यकर्ता सह दवा कारोबारी सुनील वर्मा 40 वर्ष को अपराधियों ने रविवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे गोली मार दी। इसके बाद अपराधी भाग निकले। उस समय उनकी पत्नी चंद्रावती वर्मा भी वहीं थीं। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सा पदाधिकारी डा. अंकुर कुमार ने उपचार शुरू किया।चंद्रावती देवी ने बताया कि दुकान पर बाइक पर सवार तीन लोग आए थे। तीनों टोपी लगाए थे। एक ने कहा कि पेट में दर्द हो रहा है, कोई दवा दे दें। उसे सुनील ने दवा दी, इसी बीच एक अपराधी ने पिस्टल निकालकर पेट को निशाना बनाकर गोली चला दी। हालांकि, गोली उनके पेट को छूती हुई निकली है। इस कारण खतरे की कोई बात नहीं है। इधर भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष राजदेव साव, प्रेमचंद कुशवाहा, सुभाष वर्मा, देवनाथ राणा, गोपी वर्मा भी सूचना पाकर अस्पताल पहुंच गए। इन्होंने पुलिस से अपराधियों को जल्द पकडऩे की मांग की है। जमुआ थाना के इंस्पेक्टर नवीन सिंह व बिरनी थाना के एसआइ विपिन कुमार ने घटनास्थल की छानबीन के बाद अस्पताल पहुंच सुनील के बारे में जानकारी ली। उनसे पूछताछ भी की। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है।