राँची में बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ ने की पिटाई, दो महिला सहित तीन को पुलिस ने बचाया…
राँची।राजधानी राँची बरियातू थाना क्षेत्र स्थित एदलहातु में दो महिला सहित तीन लोगों को भीड़ ने अपना निशाना बनाया है।तीनों पर एक बच्चे को चुराने का आरोप है। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को भीड़ के चुंगल से छुड़ा लिया।बच्चा चोरी की अफवाह में गुरुवार को राँची के एदलहातु में दो महिला और एक पुरुष को स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के आरोप में जमकर पीटा। खैरियत रही कि मामले की जानकारी बरियातू पुलिस को मिल गई।जिसके बाद बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार आनन फानन में मौके पर पहुंचे और तीनों को भीड़ से बचा लिया।
दरअसल, दो महिला और एक पुरुष ऑटो में एक बच्चे को लेकर जा रहे थे।बच्चा रो रहा था।इसी दौरान यह हल्ला हो गया कि एक बच्चा चोरी कर लिया गया है।जिसके बाद भीड़ ने ऑटो में सवार दोनों महिला और पुरुष को पकड़ लिया और जमकर उनकी पिटाई कर दी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या वाकई में बच्चा चोरी किया जा रहा था।
बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बच्चा चोरी के आरोप में दो महिला और एक पुरुष को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और कुछ लोग उनकी पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को भीड़ से बचा लिया। फिलहाल तीनों को सुरक्षित थाने में रखा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
वरीय पुलिस अधिकारी ने लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने कहा है।कहा ऐसे कुछ भी संदिग्ध गतिविधि हो तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।कानून को अपने हाथ में ना लें।

