राजधानी राँची के कुख्यात ड्रग्स पेडलर शिशुपाल समेत तीन गिरफ्तार,भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद…

राँची।राजधानी राँची पुलिस के लिए चुनौती बने कुख्यात ड्रग तस्कर नगड़ी निवासी शिशुपाल लोहरा को अरगोड़ा थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शिशुपाल के साथ दो अन्य ब्राउन शुगर बेचने वालों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें अशोर नगर का रहने वाला रितिक तिग्गा और रविकांत कुमार है। इनके पास से पुलिस ने 102 पुड़िया ब्राउन शुगर ( 8.61 ग्राम) भी जब्त किया है। शुक्रवार को सिटी एसपी राज कुमार मेहता ने बताया कि सूचना मिली थी ब्राउन शुगर का धंधा जोर शोर से अरगोड़ा थाना क्षेत्र व उसके आसपास में चल रहा है। इसी सूचना पर हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई और छापेमारी की गई।

पहले अशोक नगर क्षेत्र से एक की हु‌ई गिरफ्तारी फिर दो अन्य पकड़े गए

पुलिस ने सूचना के आधार पर पहले अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर 4 में छापेमारी कर एक युवक को दबोचा। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर का पैकेट बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम रविकांत बताया। उसने अपने अन्य सहयोगियों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी। उसने बताया कि उसका साथी रितिक तिग्गा व अन्य युवक भी अरगोड़ा रेलवे स्टेशन के पास ब्राउन शुगर बेच रहे है। इस सूचना पर पुलिस ने जब वहां छापेमारी की तो रितिक पकड़ा गया।प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए

शिशुपाल लोहरा है ब्राउन शुगर का माफिया

पुलिस ने गिरफ्तार रितिक और रविकांत से जब पूछताछ की तो उसने बताया कि अरगोड़ा इलाके में नशे का पूरा कारोबार शिशुपाल लोहरा चलाता है। वहीं ब्राउन शुगर लाकर सप्लाई करता है। पुलिस ने उनकी सूचना पर शिशुपाल लोहरा के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देख शिशुपाल ने भी अपने घर से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे खेदेड़ कर पकड़ लिया। शिशुपाल के घर से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर मिला।हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा

चतरा, जमशेदपुर और कोलकाता से लाता है ब्राउन शुगर

पुलिस को पूछताछ में गिरफ्तार शिशुपाल ने बताया कि वह चतरा, जमशेदपुर और कोलकाता से ब्राउन शुगर लाता है। रांची में जिन जिन जगहों में इसकी बिक्री होती है उन्हें सप्लाई करता है। एक पुड़िया ये लोग 500 से 700 रुपए के बीच में बेचते है। एक पुड़िया पर इन्हें 300 से 400 रुपए की कमाई होती है। शहर में ब्राउन शुगर की खपत अब बढ़ती जा रही है। अरगोड़ा के अलावा डोरंडा, कांटाटोली, लालपुर चौक, भारत माता चौक, विद्या पति नगर, कोकर सहित कई इलाकों में इसकी बिक्री धड़ल्ले से हो रही है।