धनबाद में होली के दिन दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग मामले चार गिरफ्तार,दो लोगों को लगी थी गोली…
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में होली पर्व के दौरान धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना सामने आयी थी। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड निवासी अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर उर्फ मांझी, बरमसिया मध्य विद्यालय के समीप रहने वाले कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा तथा आतिश शर्मा शामिल हैं।
मामले की जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम, धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
सिटी एसपी ने बताया कि बरमसिया में दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गयी। उसी वक्त विकास लाला उर्फ विकास वर्मा अपने साथियों के साथ वहां मौजूद था।उसने अचानक अपनी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान विष्णु कुमार के दाहिने जांघ में गोली लग गयी, जबकि पुष्पक कुमार के पेट में गोली लगने से वह घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इलाजरत विष्णु कुमार के बयान के आधार पर धनसार थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सुधीर यादव की लिखित शिकायत पर कांड संख्या 34/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दोनों मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान विकास लाला उर्फ विकास वर्मा ने देसी पिस्टल से फायरिंग कर विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार को घायल कर दिया।बाद में उक्त पिस्टल कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा ने विकास लाला से छीन लिया और उसे थाना में प्रस्तुत कर दिया।पुलिस ने बताया कि विकास लाला के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।घटना के बाद से वह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, एसआई संतोष कुमार महतो, विकाश कुमार, पनव कुमार रवि, ललिता कुमारी सोरेन, एएसआई चंद्रपित सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

