पति-पत्नी में हुआ झगड़ा तो पति ने खुद को मारी गोली,मौके पर मौत…….

पटना।बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को एक प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को गोली मार लिया। बीते कुछ दिनों से पत्नी के साथ उसका विवाद चल रहा था।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची।छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र का है।

जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिघरा निवासी अर्जुन चौधरी के 34 वर्षीय पुत्र विकाश चौधरी की शादी 2017 में सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही निवासी अशोक चौधरी के पुत्री अनु चौधरी से हुई थी। शादी के एक साल के बाद दोनो को एक बेटा हुआ। विकाश मूल रूप से प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करता था। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही विकाश और अनु के बीच दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था।इसको लेकर अनु ने कोर्ट में केस भी किया था। लेकिन दोनो के बीच सुलह हो गया। जिसके बाद कॉम्प्रोमाइज कर विकाश और अनु एक साथ रहने लगे थे। लेकिन बीते कुछ दिनों से फिर से दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। जिस कारण दोनो काफी परेशान रहते थे।

सोमवार की रात विकाश बाहर से शराब के नशे में आया। अपनी पत्नी अनु के साथ मारपीट किया। उसके बाद अपने घरवालों के सामने खुद को गोली मार लिया। परिजनों में चीत्कार मच गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया। मौके से अवैध पिस्टल और गोली भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मृतक की पत्नी अनु चौधरी ने बताया कि चार दिन से झगड़ा चल रहा था। विकाश और उसके घर वाले मिलकर मेरे साथ मारपीट किए है।लेकिन हम कुछ नहीं बोले। इसके बाद हम अपने घर वालों को इस संबंध में जानकारी दिए। आज मेरा भाई आया था। उस समय विकाश घर पर नहीं था। मेरा भाई बोला कि विकाश बाबू रहेंगे, तब हम आएंगे। आस पास के लोग को भी हम बुलाए। उनके सामने भी विकाश मेरे साथ मारपीट किया। उसके बाद हम गोपाल भैया को बोले कि पागल आदमी है, दारू पिएगा तो कुछ भी कर लेगा। शाम में वो बाहर से बंदूक लेकर आए। मेरे साथ मारपीट करने लगे। हम चुप चाप मार खा लिए।

हम विकाश को बोले कि पिस्तौल नीचे रख दीजिए। बीते चार दिन से लगातार दारू पी रहा था। आज बहुत ज्यादा पिए हुए था। इसी दौरान खुद को गोली मार लिया है। विकाश के पिता बाहर खड़ा होकर देख रहे थे। लेकिन वो भी उसको नही रोके। हमलोग की शादी 2017 में हुई थी। विकाश प्रॉपर्टी डीलर थे। दहेज को लेकर हमलोग के बीच विवाद चलता रहता था। हम कोर्ट में केस भी किए हुए थे। लेकिन विकाश हमसे माफी मांगा, तो हम मान गए। कोर्ट से कॉम्प्रोमाइज करने के बाद हम इसके साथ आ गए।

पूरे मामले पर सदर थाना के दरोगा कुणाल कुमार कश्यप ने बताया कि हमलोगों को सूचना मिली थी की दिघरा के रामपुर शाह में एक व्यक्ति गोली मार कर आत्महत्या कर लिया है। उनके परिजनों के द्वारा भी यही बताया जा रहा है। पति पत्नी का विवाद चल रहा था। मौके से एक पिस्तौल, एक खोखा और एक लोडेड गोली जब्त किया गया है। मृतक का नाम विकाश कुमार है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्यवाई की जा रही है