मकान मालिक से हुआ था विवाद;पुलिस को बुलाया तो पुलिस से छिपने के लिए छत पर चढ़ा किरायेदार,गिरकर मौत…

धनबाद।जिले के झरिया के केला पट्टी स्थित गुप्ता बिल्डिंग में शुक्रवार की रात मकान मालिक और किरायेदार के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को देख किरायेदार 54 वर्षीय रामाशीष घबराकर छत पर छिपने के लिए भागा, लेकिन पास की दूसरी छत पर गिरने से उसकी मौत हो गई।वहीं मामले को लेकर मकान मालिक का कहना है कि रामाशीष के बेटे ने हमारी बेटी से अभद्र व्यवहार किया, इस कारण झगड़ा हुआ। इधर, इस मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं की है।

मृतक रामाशीष की पत्नी ने बताया कि पुलिस को देखकर पति घबरा गए थे। वे छिपने के लिए छत पर गए थे। पुलिस के जाने के बाद गए तो देखा कि दूसरी ओर की छत पर पति गिर गए हैं। तब उनको धनबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।

इधर मकान मालिक ने बताया कि उसका घर काफी जर्जर है। एक ही बाथरूम है। बेटी जब बाथरूम जाती है तो किरायेदार का बेटा उससे छेड़खानी करता है। विरोध करने पर गाली देता है। शुक्रवार की रात किरायेदार के बेटे ने बेटी से अभद्र व्यवहार किया। तब 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस पहुंची, मगर लड़का भाग गया था।

इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि रामाशीष बहुत नेक और मिलनसार थे। वे बोरे का कारोबार करते थे। झरिया थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि 100 नंबर पर फोन कर महिला ने शिकायत की थी। पुलिस जांच में गई तो दोनों ही पक्ष आपस में झगड़ा करने लगे। पुलिस दोनों को समझाकर वापस लौट गई थी।