डायन बिसाही के शक में भांजे ने मामी की धारदार हथियार से गर्दन काटकर किया हत्या,आरोपी गिरफ़्तार…

चाईबासा। झारखण्ड के पश्चिम सिंहभूम जिले में डायन बिसाही के नाम पर भांजे ने मामी की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी।यह मामला पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से सटे मुफस्सिल थाना अंतर्गत बरकेला के कुदरूगुटू गांव का है। मृतका का नाम जानो हेस्सा (65) है। रिश्ते में लगने वाले भांजे मधुसूदन बोइपाई ने ही महिला को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।पुलिस ने घटनास्थल से महिला के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा हैं। साथ ही साथ आरोपी मधुसूदन को उसके गांव से गिरफ्तार कर थाने ले गई, जहां पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।

जानकारी के अनुसार वृद्धा जानो हेस्सा शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे अपने घर पर थी। उसी समय गांव के सुदेन बोइपाई अपने हाथ में टांगी लेकर उसके घर घुस आया। पहले तो उसने महिला को लाठी-डंडा से मार कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसके गले पर तेज धार वाली टांगी से प्रहार कर दिया। इस कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जाता है कि घटना समय घर पर महिला का नाती मौजूद था। उसने अपनी आंखों से मधुसूदन को अपनी मामी की मारते हुए देखा। हत्या आरोपी के जाने के बाद इन दोनों ने गांव वालों को जानकारी दी। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इधर थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक ने बताया कि आरोपी नशे में था। उसका कहना है कि जानो हेस्सा डायन थी। वह गांव के लोगों को नुकसान पहुंचा रही थी। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी के होश में आने के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल पाएगा। मृतका का एक बेटा दूसरे गांव में रहता है। उसे थाना बुलाया गया है। मृतका के पति का पहले ही निधन हो चुका है।