शादीशुदा महिला को प्रेमी भगा कर ले जा रहा था,रास्ते में प्रेमी ने प्रेमिका (महिला) की पिटाई करने लगा,लोगों ने प्रेमी की जमकर धुनाई कर दी

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा में प्रेमिका की सरेराह पिटाई करना एक प्रेमी को महंगा पड़ गया। लोगों ने प्रेमी की जमकर धुनाई कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रेमी को गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। उसका पहले इलाज हुआ। फिर प्रेमी युगल को पुलिस पकड़कर गढ़वा थाने ले गई। प्रेमी और प्रेमिका अलग अलग समुदाय के हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रेमी आजाद अंसारी के पिता का नाम सर्फुद्दीन अंसारी है। वह मेराल थाना क्षेत्र के चरका पत्थर गांव का रहनेवाला है। जबकि प्रेमिका चांदनी देवी मेराल थाना क्षेत्र के गोंदा गांव की रहनेवाली है। चांदनी देवी के अनुसार उसकी शादी अप्रैल 2021 में रमना में हुई थी। जबकि आजाद अंसारी से तीन वर्ष पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रमना में आजाद अंसारी की बहन का घर भी है। वह अपनी बहन के घर जाने के बहाने अक्सर चांदनी से मिलने आया करता था। बाद में दोनों ने एक साथ रहने का फैसला कर लिया। चांदनी देवी अपने ससुराल से आजाद अंसारी के साथ भाग गई।

बताया गया कि दोनों चांदनी देवी के मौसी के घर मेदिनीनगर में गए थे। लेकिन चांदनी की मौसी ने वहां रखने से इन्कार कर दिया। तब दोनों घर वापस जा रहे थे। इस दौरान प्रेमी प्रेमिका में घर जाने के सवाल पर विवाद हो गया। गढ़वा शहर के कचहरी रोड स्थित डीएफओ आवास के सामने आजाद अंसारी ने चांदनी देवी की पिटाई शुरू कर दी। चांदनी को रोते-चिल्लाता देखकर कई लोग वहां जमा हो गए। लोगों ने आजाद अंसारी से पूछा कि वह महिला की पिटाई क्यों कर रहा है। इस बात पर वह तैश में आकर जबाब देने लगा। इससे आक्रोशित लोगों ने आजाद अंसारी की जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलने के बाद पीसीआर वैन से पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने घायल आजाद अंसारी को वहां से उठाकर गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने इलाज किया। उसे गंभीर रूप से चोट लगी है। इलाज के बाद पुलिस आजाद अंसारी व चांदनी को थाना ले गई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में इस घटना की खूब चर्चा हो रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चांदनी देवी ने अपने प्रेमी पर प्राथमिकी के लिए कोई आवेदन दिया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि अगर वह आवेदन देगी तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पूरा मामला प्रेम-प्रसंग का है।