रामगढ़:युवती का शव टेंट हाउस के गोदाम में फंदे से लटकता मिला,सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका,पुलिस जांच में जुटी है

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा थाना क्षेत्र के सरगडीह गांव स्थित कोचा टोला में एक टेंट हाउस के गोदाम में युवती फंदे से लटकता पाया गया। परिजन व ग्रामीण लड़की को लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद लड़की को मृत घोषित कर दिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि लड़की के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया।इसके बाद हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।वहीं घटना को अंजाम देने का आरोप टेंट हाउस संचालक पर लगा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। मरने वाली युवती की उम्र करीब 19 वर्ष थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।बताया जा रहा कि युवती गुरुवार की देर शाम अपने घर के बाहर हैँडपंप से पानी लेने के लिए गई थी। आरोप लगाया जा रहा है कि इसी दौरान टेंट हाउस चलाने वाले पड़ोस का युवक संतोष कुमार महतो ने उसे जबरन खींचकर बगल में ही स्थित अपने टेंट हाउस के गोदाम में ले गया। इसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद टेंट हाउस के गोदाम में ही युवती को दुपट्टे से फांसी पर लटका दिया।इसके बाद बाहर से ताला लगाकर भाग गया।

युवती के घरवाले रातभर उसके खोजते रहे। इस दौरान एक बालक ने घरवालों को बताया कि पड़ोसी संतोष महतो उसे जबरन उसे खींचकर अपने टेंट हाउस ले गया है। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह बरलंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार के दावे के अनुसार दुष्कर्म व हत्या की घटना की वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए टेंट हाउस के गोदाम को सील कर दिया है।पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई। पुलिस ने छानबीन के दौरान टेंट हाउस से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर की बोतलें बरामद की गई हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आरोपी टेंट हाउस संचालक अवैध तरीके से शराब भी बेचता था। पुलिस ने घटनास्थल टेंट हाउस परिसर से युवती का चप्पल, दुपट्टा जब्त कर लिया है। पुलिस ने पंचनामा कराने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।

बरलंगा थाना प्रभारी अमित कुमार ने मीडिया को बताया कि पीड़ित परिवार का दावा है कि युवती के साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी युवक के घर में छापेमारी की गई है। वह घर से फरार है। शव के पोस्टमार्टम के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। युवती के घर वाले टेंट हाउस चलाने वाले युवक संतोष महतो पर दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप लगाया है।