दाँत में फंसा भुंजा का टुकड़ा चाची ने नहीं निकाला तो भतीजे ने चाची की हत्या कर दी,आरोपी गिरफ़्तार…

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले सरायकेला थाना अंतर्गत पटाहेंसल गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई है।महिला की पहचान 55 वर्षीय झिंगी दोगों के रूप में की गई है।बताया जाता है कि भतीजा शिवा दोगों ने ही साबल से प्रहार कर अपनी चाची झिंगी की हत्या कर दी। घटना सोमवार की अहले सुबह लगभग तीन बजे के आसपास की है।वहीं घटना के बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।घटना के दौरान महिला के द्वारा शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य जग गए और बीच-बचाव करने के लिए पहुंच गए। इस दौरान आरोपी शिवा ने परिवार के अन्य सदस्यों पर भी साबल, ईंट और पत्थर से हमला कर दिया।जिसमें मृतका झिंगी दोगों का पति विश्वनाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।जहां इलाज चल रहा है।वहीं घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार पटाहेंसल गांव पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी की।परिजनों ने पुलिस को मामले की विस्तृत जानकारी दी।वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव में ही छिप गया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी शिवा दोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

इधर पुलिस की छानबीन में यह पता चला है कि शिवा दोगों ने मामूली बात पर अपनी चाची झिंगी की जान ले ली है।बताया जाता है कि रविवार की रात शिवा ने भुंजा खाया था।भुंजा का टुकड़ा उसके दांत में फंस गया था।उसने अपनी चाची को दांत में फंसा भुंजा निकालने के लिए कहा था। लेकिन चाची ने भुंजा नहीं निकाला। इतनी सी बात पर नाराज होकर भतीजे ने चाची की हत्या कर दी।