देवघर:14 साल बाद अयोजित हुआ सूर्याहु पर्व,500 से ज्यादा बच्चों सहित युवकों ने कराया मुंडन….

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले के सारठ में जमुवासोल पंचायत के नया खरना गांव में 14 साल के बाद आयोजित सूर्याहु (बड़का) पर्व रविवार को भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया। सुबह पंडित मदन पाठक ने पर्वेतियों को सिरा घर (देवी-देवता के रहने का स्थान) में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य दिलाया।अर्घ्य के बाद कुल 149 सादे रंग के बकरे की बलि दी गई। वहीं 500 से भी अधिक बच्चों और किशोर का मुंडन कराया गया। वहीं सुहागिन महिलाओं को मुख्य पर्वेतिन मुन्नी देवी और बेबी देवी ने सिंदूर का महाप्रसाद लगाया और सूर्य भगवान से सुहागिन रहने की कामना की। इस पर्व में देवघर, दुमका, जामताड़ा जिले के कोने-कोने से हजारों महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल होने के लिए पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, इस दौरान 13 हजार से अधिक लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

इस सम्बंध गांव के बुजुर्ग सोफी महरा ने बताया कि वंश में प्रगति, सुख शांति और निरोग काया को लेकर सैकड़ों साल से पूर्वजों से ही बड़का पर्व का आयोजन होता आ रहा है। जब किसी का पहला बच्चा होता है तो बड़का पर्व के आयोजन में ही उनके बाल का मुंडन होता है।उन्होंने बताया कि गांव के लगभग 130 घर में कुल आठ खुट हैं। सभी की सहमति के बाद ही पर्व का आयोजन होता है। इस दौरान कोई अप्रिय घटना घट जाने पर दो-तीन साल तक पर्व नहीं होता है। उन्होंने आगे बताया कि इस बार 14 साल के बाद पर्व का आयोजन हुआ लेकिन कई बार 20-22 साल के बाद पर्व हुआ है और तब तक बच्चों का बाल नहीं काटा जाता है। तब तक बच्चों का बड़े-बड़े बाल में जट हो जाता है।

वहीं ग्रामीणों ने बताया गया कि लड़का हो या लड़की जब तक बड़का पर्व में मुंडन नहीं होता उनका शादी विवाह भी नहीं होता है। अन्य गांव के सगे-संबंधी की महिलाएं भी संतान होने पर बड़का पर्व में मुंडन करने का मनंत मांगते है। गांव में दो जगह पर्व का आयोजन हुआ। जिसमें 171 महिला व पुरुषों ने नियम संयम के साथ पर्व रखा।

गांव में उत्सव का माहौल:
तीन दिवसीय पर्व को लेकर गांव में उत्सवी माहौल का नजारा देखने को मिल रहा। जिला के सैकड़ों गांवों के हजारों लोग पर्व में शामिल हुए। आकर्षक विद्युत लाइट से गांव को सजाया गया था। वहीं पूरे गांव की साफ सफाई की गई थी। वहीं भक्ति गीतों से पूरे इलाके का माहौल भक्तिमय बना रहा। विधायक रंधीर सिंह की ओर से दो टैंकर पानी की व्यवस्था की गई थी। विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस मौके पर प्रसाद ग्रहण किया।