साहिबगंज में विशेष पेट्रोलिंग दस्ता का शुभारंभ,किया गया फ्लैग मार्च
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक विशेष बाइक दस्ता का गठन किया गया है।इसी क्रम में उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया,जिसमें नव अधिग्रहित 16 अपाचे, चार रॉयल एनफील्ड बाइक गश्ती के माध्यम से शहर में शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दो पहिया पेट्रोलिंग वाहन को समाहरणालय परिसर से झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
फ्लैग मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर अंजुमन नगर मार्ग, रसूलपुर मार्ग, एल सी रोड, कॉलेज रोड, पूर्वी फाटक, सुभाष चौक मार्ग होते हुए पुनः समाहरणालय परिसर में सम्पन्न हुआ।इस मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया।साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि प्रशासन पूर्णतः सतर्क एवं सजग है।
फ्लैग मार्च में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जाॅन आईन्द, पुलिस उपाधीक्षक और विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भी बाइक पर सवार होकर फ्लैग मार्च का हिस्सा लिया।वहीं, मोबाइल टाइगर दस्ते के जवानों की भागीदारी से यह मार्च अत्यंत अनुशासित एवं प्रभावशाली रहा।
इस अवसर पर उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष बाइक खरीदी गई है, जिससे खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह दस्ता न सिर्फ कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ाएगा। वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि इन बाइकों का उपयोग नियमित पेट्रोलिंग के साथ-साथ विशेष अवसरों पर भी किया जाएगा, जिससे अपराध को नियंत्रण करने में मदद मिलेगी।उन्होंने बाइक दस्ते के संचालन की प्रक्रिया एवं तत्परता पर भी संतोष व्यक्त किया।

