झारखण्ड में रामनवमी पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहली बार सीनियर IPS अधिकारियों को संवेदनशील जिलों में किया गया प्रतिनियुक्त

राँची।झारखण्ड में रामनवमी के पर्व पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में झारखण्ड सरकार ने अहम कदम उठाए गए हैं। खुफिया विभाग के इनपुट के बाद राज्य में पहली बार रामनवमी पर संवेदनशील जिलों में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। शनिवार सुबह से ही सभी सीनियर पदाधिकारी संबंधित जिलों में कैंप करना शुरू कर देंगे। खुफिया विभाग को इनपुट है कि रामनवमी जुलूस में शामिल होकर कुछ असामाजिक तत्व झारखण्ड में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। हजारीबाग में एडीजी मुख्यालय के अलावा एक डीआइजी और एक अतिरिक्त एसपी को लगाया गया है। इसी प्रकार जमशेदपुर में आइजी मानवाधिकार के अलावा दो अतिरिक्त एसपी स्तर के पदाधिकारियों को लगाया गया है। लोहरदगा में एक डीआइजी के अलावा एक अतिरिक्त एसपी को भी लगाया गया है।

कहां, कौन संभालेंगे सुरक्षा की कमान

*हजारीबाग :झारखण्ड पुलिस में एडीजी मुख्यालय मुरारी लाल मीना करेंगे नेतृत्व। इन्हें सहयोग करने के लिए गृह रक्षा वाहिनी शाह अग्निशमन के डीआइजी दीपक कुमार सिन्हा और जीएपीटीसी पद्मा के एसपी किशोर कौशल को लगाया गया है।

*दुमका प्रक्षेत्र :झारखण्ड पुलिस के एडीजी प्रशिक्षण टी. कंदासामी नेतृत्व करेंगे।

*जमशेदपुर :झारखण्ड पुलिस के आइजी मानवाधिकार अखिलेश कुमार झा करेंगे नेतृत्व। इन्हें सहयोग करने के लिए आतंकवाद निरोधी दस्ता के एसपी प्रशांत आनंद और रेल जमशेदपुर के एसपी ऋषभ कुमार झा को लगाया गया है।

*देवघर :झारखण्ड पुलिस की डीआईजी कार्मिक ए. विजयालक्ष्मी सुरक्षा की कमान संभालेंगी।

*लोहरदगा :अपराध अनुसंधान विभाग के डीआइजी सुनील भास्कर नेतृत्व करेंगे। इन्हें सहयोग करने के लिए जंगल वारफेयर स्कूल नेतरहाट के एसपी पीयूष पांडे को लगाया गया है।

*गिरिडीह :यहां डीआइजी बजट डाक्टर शम्स तबरेज नेतृत्व करेंगे इन्हें एससीआरबी झारखण्ड के एसपी खोत्रे श्रीकांत सुरेश राव सहयोग करेंगे।

*खूंटी:डीआइजी राँची अनीश गुप्ता यहां सुरक्षा की कमान संभालेंगे।

*धनबाद :जैप-4 बोकारो के समादेष्टा अश्विनी कुमार सिन्हा यहां तैनात किए जाएंगे।

*राँची :संचार एवं तकनीकी सेवाएं झारखण्ड के एसपी विनीत कुमार को यहां सहयोग में लगाया गया है।

*झारखण्ड पुलिस मुख्यालय (रिजर्व) : एडीजी अभियान संजय आनंद राव लाठकर, आइजी प्रशिक्षण प्रिया दुबे, आइजी अभियान अमोल विनुकांत होमकर पूरे प्रदेश पर नजर रखेंगे।

*डीजीपी कंट्रोल रूम :जैप-2 के कमांडेंट इंद्रजीत महथा, एसपी धनंजय सिंह और जैप-10 की कमांडेंट संध्या रानी मेहता यहां तैनात रहेंगे।