पटना से राँची आ रही ट्रेन के कोच से निकला धुआं, रेलवे कर्मियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टला
राँची/गया। गया-कोडरमा रेलखंड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पटना से राँची आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के एक डिब्बे के पहिये के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। ट्रेन गया जंक्शन से खुलने के कुछ ही देर बाद बंधुआ रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची थी, तभी यात्रियों ने धुआं उठते देखा। देखते ही देखते लोगों में डर का माहौल बन गया और कई यात्री घबराकर अपने-अपने डिब्बों से उतरकर ट्रैक के किनारे आ गए।
रेलवे के मुताबिक, गार्ड से तीसरे कोच के ब्रेक में तकनीकी खराबी आ गई थी।ब्रेक जाम हो जाने के कारण पहिये में तेज घर्षण हुआ, जिससे धुआं निकलने लगा।पास के मानपुर-रसलपुर गेट से इसकी जानकारी तुरंत चालक और गार्ड को दी गई।स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी।ट्रेन रुकते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने यात्रियों को संभाला और हजारों जानें बचाई।
इसके बाद रेलवे स्टाफ ने बिना देर किए अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया और पहिये के पास बने गर्मी और धुएं को काबू में कर लिया।समय रहते कार्रवाई होने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।इस दौरान बंधुआ रेलवे क्रॉसिंग करीब 30 मिनट तक बंद रहा, जिससे सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद ट्रेन को फिर से रवाना कर दिया गया।
रेलवे की तकनीकी टीम ने मौके पर ब्रेक की समस्या को ठीक किया और अधिकारियों ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

