जमशेदपुर में को-ऑपरेटिव कॉलेज के शिक्षक का शव क्वार्टर से बरामद, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है पुलिस
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज कैंपस स्थित क्वार्टर में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कॉलेज के शिक्षक भीम राम (40) का शव उनके बंद कमरे से बरामद किया गया। बिष्टुपुर थाना पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया।पुलिस अब इस संदेहास्पद मौत के पीछे की असली कहानी और सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, भीम राम के क्वार्टर का दरवाजा शुक्रवार से ही भीतर से बंद था।शनिवार को भी जब शाम देर तक कोई हलचल नहीं हुई,तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।स्थानीय लोगों ने दरवाजे को खटखटाया,लेकिन अंदर से कोई सुगबुगाहट नहीं मिलने पर तत्काल बिष्टुपुर पुलिस को सूचना दी गई पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो शिक्षक का शव सोफे पर पड़ा मिला।
मूल रूप से बिहार के आरा जिले के बबुरा गांव के रहने वाले भीम राम पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि लगभग दो साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था,जिसके बाद से वे अक्सर गुमसुम रहने लगे थे। सहकर्मियों और करीबियों के बीच उनकी इस खामोशी को लेकर चर्चा थी।
मृतक के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं पाए गए हैं और न ही उनके मुंह से झाग निकलने जैसी कोई बात सामने आई है।आखिर मौत की वजह हार्ट अटैक है, कोई आंतरिक बीमारी या कुछ और? इसकी पुष्टि के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच हर संभावित एंगल से कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।

