दुस्साहस: RIMS की जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के साथ सीनियर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू

राँची। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स से एक चौकाने वाली खबर आई है। रिम्स अस्पताल के एक जूनियर महिला चिकित्सक के साथ बुधवार की देर रात रिम्स के ही एक सीनियर रेजिडेंट ने छेड़खानी व दुष्कर्म का प्रयास किया है। पीड़ित महिला डॉक्टर रिम्स के ही एक विभाग में पीजी की पढ़ाई करती है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित एनेस्थीसिया विभाग में सीनियर रेसिडेंट है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी चिकित्सक लंबे समय से वह उक्त महिला चिकित्सक के पीछे पड़ा हुआ था और काफी समय से उसे परेशान करता था।

बुधवार को पीजी छात्रा जब ड्यूटी पर थी तभी सीनियर रेजिडेंट ने मौका देखकर उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इस दौरान जब पीजी छात्रा शोर करने लगी, तभी आरोपी डॉक्टर ने उसका मुंह बंद कर दुष्कर्म का भी प्रयास किया। पीड़ित महिला जूनियर चिकित्सक ने गुरुवार को दिन में उसने इसकी लिखित शिकायत रिम्स निदेशक से की। जिसके बाद निदेशक ने मामले को थाना में भेज दिया। जिसके बाद देर रात बारियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता का बयान लिया है और मामले में जांच आरम्भ कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार इस घटना को लेकर देर शाम काफी संख्या में जूनियर डॉक्टर निदेशक कार्यालय भी पहुंचे थे। जहां जूनियर डॉक्टरों ने आरोपित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। रिम्स प्रबंधन ने भी उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस मामले में कहा है कि घटना की जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है, श्री गुप्ता ने कहा कि अपराध करने वाले के खिलाफ संविधान सम्मत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।