राज्य भर में गहन जन स्वास्थ्य सर्वे का सेकेंड फेज 7 से, 40 से अधिक आयुवर्ग के लोगों की होगी जांच

कोविड 19 के मद्देनजर राज्य के सभी जिलों में एक साथ सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में द्वितीय गहन जन स्वास्थ्य सर्वे अभियान चलाया जाएगा। 07 सितंबर 2020 से 14 सितंबर 2020 तक यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि सहिया, एएनएम एवं सीएचओ के माध्यम से यह अभियान चलेगा। सभी जिलों के सिविल सर्जन एवं सभी आरसीएच पदाधिकारी को पत्र लिख कर उन्होंने निर्देश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 40 वर्ष से अधिक आयु समूह एवं पूर्व से किसी बीमारी से प्रभावित लोगों को प्राथमिकता देते हुए शत प्रतिशत आच्छादन एवं शहरी क्षेत्र में विस्तृत गहन जांच सर्वे सुनिश्चित करें। सभी जिलों के उपायुक्त को विभिन्न विभागों से समन्वय बनाते हुए गहन जन स्वास्थ्य सर्वे को सफल बनाने का निर्देश प्रधान सचिव ने दिया है।

7 से होगा शुभारंभ

गहन जन स्वास्थ्य सर्वे अभियान 7 सितंबर से शुरू होगा। इसमें सहियाओं के द्वारा दीवार लेखन का कार्य किया जाएगा। माइकिंग एवं संचार के अन्य माध्यमों के द्वारा इस अभियान का प्रचार प्रसार किया जाएगा।

8 से 10 तक घर घर सर्वे

8 से 10 सितंबर तक सहियाओं के द्वारा घर घर जा कर आवश्यक जानकारी इकट्ठा की जाएगी। 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का प्रपत्र में जानकारी इकट्ठा की जाएगी। इस दौरान 0 से 05 वर्ष तक के बच्चों एवं 05 से 19 वर्ष उम्र के बच्चों एवं किशोरों की सूची बनाई जाएगी।

11 से 14 तक स्क्रीनिंग

इस अभियान के पांचवें से सातवें दिन यानी कि 11 से 14 सितंबर तक एएनएम और सीएचओ के द्वारा उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, सांस संबंधित मामले, लीवर से संबंधित समस्या, मुंह का कैंसर, कुष्ठ रोग एवं अत्यधिक मोटापा इत्यादि की जांच कैंप लगाकर की जाएगी। 15 सितंबर उक्त सभी कार्यों का प्रतिवेदन समर्पित करना होगा।