Ranchi:भतीजे का बारात जाने के लिए घर से निकला,अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ मारी गोली,हुई मौत

राँची।राजधानी राँची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू में शुक्रवार की देर शाम भू-माफिया धर्मदेव साहू उर्फ़ गब्बर साहू को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। आनन-फानन में परिजनों ने उसे रिम्स पहुंचाया।जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना शाम 5:45 की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हुंडरू निवासी धर्मदेव साहू अपने भतीजे की शादी के लिए शाम में अपने घर से बारात जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह हुंडरू के पोखर टोली के पास पहुंचा अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गिर गया। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली आनन-फानन में उसे रिम्स ले गए। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पुलिस छानबीन के लिए पहुंची

पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक धर्मदेव साहू जमीन का कारोबार करता था। उसका अपराधिक इतिहास भी रहा है। अब पुलिस पता लगा रही है कि कहीं जमीन की खरीद बिक्री को लेकर हुए आपसी रंजिश में तो उसे गोली नहीं मारी गई है। हालांकि अभी तक किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है। एयरपोर्ट थाना प्रभारी रमेश गिरी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।