परीक्षा सेंटर से भागकर प्रेमिका से मिलने पहुंचा था,प्रेमिका के परिजनों ने करा दी शादी,युवक दूसरे के बदले दे रहा था इंटर का परीक्षा…..

बिहार के अरवल में एक युवक की उसकी प्रेमिका से जबरन शादी करा दी गई।खबर के अनुसार,युवक इटवां हाई स्कूल में दूसरे के बदले इंटर का परीक्षा दे रहा था। शनिवार को उसके सेंटर से दूसरे के बदले परीक्षा देते तीन युवक पकड़े गए। जिसके बाद वह सेंटर से फरार हो गया, वहां से सीधे अपनी प्रेमिका के ननिहाल उससे मिलने पहुंचा। जहां इसकी भनक लड़की के घरवालों को लग गई। जिसके बाद दोनों की शादी करा दी गई।

यह है पूरा मामला:
मामला बिहार के अरवल के सदर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार कुर्था थाना क्षेत्र अंतर्गत जय बीघा गांव निवासी रंजीत कुमार (22) और जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनंदन बीघा गांव निवासी पुनीता कुमारी (18) दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे। इनका प्रेम प्रसंग 2 साल से चल रहा था। परिजनों से छिप छिपकर दोनों मिलते थे।शनिवार को प्रेमी रंजीत इंटरमीडिएट का परीक्षा फर्जी परीक्षार्थी बनकर इटवां हाई स्कूल में दे रहा था। एग्जाम के तीसरे दिन दूसरी पाली में उसके सेंटर से कुछ फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। जिसके डर से वह एग्जाम सेंटर से भाग निकला। उसी दरमियान प्रेमिका के परिजनों को इस बात की भनक लगी, तो लोगों ने प्रेमी को लड़की के ननिहाल मेहरबान बीघा गांव में लाया गया। दोनों के रिश्ते के बारे में खुलासा हुआ।इसके बाद दोनों को एक दूसरे से शादी करने की बात कही गई। लेकिन प्रेमी युवक ने शादी ना करने को लेकर घंटों देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया। लेकिन अंत में शादी करने को राजी हो गया और दोनों के परिजनों को बुलाया गया और दोनों को देर रात शादी कराई गई। इस बारे में प्रेमिका ने कहा कि हम दोनों एक दूसरे को काफी दिनों से जानते थे और बिना किसी के दबाव से अपनी मर्जी से शादी की है।

दोनों प्रेमी युगल का रिश्ता जीजा-साली का था

मिली जानकारी के अनुसार प्रेमिका के चचेरा चाचा की बेटी का रंजीत देवर था। इन्हीं रिश्तो की वजह से प्रेमी अक्सर अपने भाभी के घर आया जाया करता था। उसी दरमियान दोनों को एक दूसरे की बातचीत होने लगी। और बातचीत प्यार में बदल गया। शनिवार को प्रेमी एग्जाम के बाद लड़की से मिलने की तैयारी कर रहा है तो तुरंत परिजनों ने लड़की को उसके ननिहाल मेहरबान बीघा लाकर दोनों को हिंदू रीति रिवाज के मंत्रोच्चारण के साथ शादी करा दी।

शादी के बाद भाग गया था युवक

लड़की के मामा निरमुनि सिंह ने बताया कि शादी के बाद लड़का अपने घर पर भाग गया था। इसके बाद हम लोग उसके घर पहुंचे और उसे पकड़ कर लाए। फिर लड़का-लड़की दोनों को एक साथ सारे सामान के साथ लड़का के गांव जय बिगहा पहुंचा दिया गया। लड़का लड़की दोनों अपने घर पहुंच गए हैं।

पुलिस को धक्का देकर सेंटर से भागा था युवक

इधर रामपुर चौरम थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि शनिवार को इटवां हाई स्कूल में एग्जाम सेंटर पर चेकिंग चल रहा था। जहां कुछ लड़के पकड़े गए। वहीं रंजीत पकड़े जाने के डर से भागने लगा। उसे पकड़ने की मैंने कोशिश की तो उसने धक्का दिया और सेंटर से भाग निकला। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।