रेव पार्टी पर पुलिस की छापेमारी:100 लड़के-लड़कियां हिरासत में,बड़ी मात्रा में ड्रग्स और शराब बरामद,दो दर्जन से ज्यादा बाइक भी जब्त..

डेस्क टीम:महाराष्ट्र के ठाणे में नए साल से एक दिन पहले पुलिस ने एक रेव पार्टी पर छापा मारा है। ठाणे क्राइम ब्रांच की टीम ने इस पार्टी पर कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा लड़के और लड़कियों को हिरासत में लिया है।पुलिस ने शनिवार-रविवार की रात तकरीबन 2 बजे ये छापेमारी की जिसमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।ठाणे पुलिस के मुताबिक,ये रेव पार्टी मुंबई से सटे ठाणे के घोड़बंदर रोड पर वडवली बीच के पास आयोजित की गई थी।

पुलिस ने बताया कि हमें देर रात रेव पार्टी की सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी की गई। इस दौरान हिरासत में लिए गए ज्यादातर युवक-युवतियां नशे की हालत में डांस करते हुए मिले थे। इनका मेडिकल टेस्ट करवाया गया है। पार्टी एक निजी प्लॉट में चल रही थी।

पार्टी ऑर्गेनाइज करने वाला 19 और 23 साल के दो युवक गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों के पास से 70 ग्राम चरस, एमडीएमए, एलएसडी (0.41 ग्राम), एक्सटेसी पिल्स (2.10 ग्राम), गांजा (200 ग्राम) और ढेर सारी शराब बरामद हुई है। मौके से गांजा पीने की सामग्री, डीजे, 29 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। पार्टी ऑर्गेनाइज करने वाले तेजस अनिल कुबल (23), सुजल महादेव महाजन (19) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पुलिस अलर्ट है और कार्रवाई की जा रही है। एमडी समेत ड्रग्स बरामद किए गए हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है। हमने नशा मुक्त मुंबई का संकल्प लिया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है।

रेव पार्टियों में कई तरह के नशे का यूज किया जाता है। सांप से डसवाने से लेकर,फ्लेवर्ड कंडोम के पानी से नशा किया जाता है। सांप से एक बार डसवाने के लिए 2,500 से 5,000 रुपए तक लगते हैं। डसने के 10 से 40 सेकेंड तक तेज चुभन होती है। उसके बाद परम सुख का एहसास होता है। फिर मसल्स में दर्द होता और अगले 12 से 24 घंटे के लिए गहरी नींद आ जाती है। 5-7 दिनों तक सुरूर रहता है।