पटना:अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,चलाया जा रहा है बुलडोजर,लोगों ने किया पथराव और आगजनी,सिटी एसपी सहित कई घायल..

पटना।बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर आ रही है।जहां अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को बड़ी कार्रवाई हो रही है। इसी बीच भारी बवाल भी हुआ है।जिले के दीघा इलाके के नेपाली नगर और राजीव नगर में आवास बोर्ड की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ जेसीबी बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से मौके पर तनाव है। आक्रोषित लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, इससे पटना सिटी एसपी का सिर फूट गया और कुछ अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। लोगों ने बुलडोजर एक्शन को रोकने के लिए कई जगहों पर आगजनी भी की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। लोगों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। 

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह प्रशासन की टीम करीब 15 बुलडोजर लेकर नेपाली नगर और राजीव नगर इलाके में पहुंची। यहां आवास बोर्ड की जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। लोगों में भारी आक्रोष है। वे घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया।

राजीव नगर में मकान तोड़ने का विरोध कर रहे लोगों ने जमकर बवाल किया। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। नेपाली नगर में भी पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा।जिला प्रशासन ने कहा- पुलिस एक्शन में किसी की मौत नहीं हुई।

वहीं पटना जिला प्रशासन ने बयान जारी कर कहा कि राजीव नगर में सुबह 5:00 बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किया गया है। 3 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस एक्शन में किसी शख्स की जान नहीं गई है। कुछ लोग मौत के बारे में अफवाह फैला रहे हैं।बताया जाता है कि पुलिस-प्रशासन की जेसीबी रोकने के लिए लोगों ने ठेले में लगाई आग।लेकिन पुलिस ने स्थिति कंटोल में कर लिया है।

बताया जा रहा है कि पूर्व में प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस तामील कर लोगों से अवैध निर्माण को खाली करने के लिए कहा था। मगर स्थानीय लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अब प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से उन्हें लिखित में कोई चेतावनी नहीं दी, सुबह बुलडोजर लेकर आए और उनके मकान तोड़ने लगे। बारिश के मौसम में बेघर हुए लोगों में भारी आक्रोष है।

बता दें कि मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद है। पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाप्ता भी बुलाया गया है। सैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में प्रशासन की टीम बुलडोजर से अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन ले रही है। डीसीएलआर ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है