पलामू:महिला का शव घर के अंदर से बरामद,ससुराल वालों का दावा,जहर खाकर आत्महत्या कर ली,पुलिस जांच में जुटी है

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला की लाश घर के अंदर से बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि घटना थाना क्षेत्र के निमसी टोला का है। मरने वाली महिला की पहचान अनिता देवी के रूप में की गई है। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष थी। वहीं ससुराल वालों का दावा है कि महिला ने जहर खा कर आत्महत्या कर ली है। रविवार की सुबह कमरे में लाश देखी गई । इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिवार के सदस्यों के अनुसार बताया शनिवार को महिला अपने पति गुड्‌डू और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ गढ़वा जिले में मेला भ्रमण करने गई थी। देर शाम सभी लोग वापस लौटे। इस दौरान महिला के पति ने घर में रखा खाना गर्म करने के लिए कहा। महिला ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कुछ तू-तू-मैं-मैं हुई। पति ने खाना गर्म किया। महिला को भी खाने के लिए दिया। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने कमरे में चले गए। सुबह महिला का शव बिस्तर पर देखा गया। ससुराल के लोग दावा कर रहे हैं कि महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाने का दावा कर रही है।

बताया जा रहा है कि महिला रंका थाना क्षेत्र के खटियाही टोला की रहने वाली थी। उसका दो वर्ष का बच्चा है। पुलिस व ससुराल वालों ने महिला के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी है।