सेल्फी का जुनून पड़ा भारी: हाथियों के झुंड के करीब पहुंचा युवक, हमले में मौत

 

रामगढ़। रामगढ़ जिले के गोबरदाहा-कैथा दामोदर नदी क्षेत्र से लेकर रजरप्पा और गोला के वन इलाकों तक इन दिनों जंगली हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। करीब 45 हाथियों के अलग-अलग झुंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में घूम रहे हैं। इसी बीच हाथियों को करीब से देखने और फोटो-वीडियो बनाने का जुनून एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। गोबरदाहा क्षेत्र में हाथी के हमले में युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान यशवंत कुमार महतो, पिता गणेश महतो, निवासी छोटकी पुनू, पोस्ट बड़कापुनू, थाना महुआटांड़, जिला बोकारो के रूप में हुई है। घटना गोबरदाहा क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि युवक हाथियों के झुंड के काफी करीब पहुंच गया था। इसी दौरान हाथियों ने उसे दौड़ा लिया और हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथियों की मौजूदगी के बावजूद युवक उनके करीब चला गया था। माना जा रहा है कि हाथियों को नजदीक से देखने या मोबाइल कैमरे में कैद करने के दौरान वह खतरे की जद में आ गया। हाथी के अचानक आक्रामक होने के बाद उसे संभलने का मौका नहीं मिला।इस घटना ने एक बार फिर जंगल और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों के बेहद करीब जाकर फोटो और सेल्फी लेने की बढ़ती प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों और वन विभाग का स्पष्ट कहना है कि जंगली हाथियों से कुछ दूरी बनाकर रखना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।

वन विभाग के अनुसार, 19 अगस्त को एक हथिनी ने नवजात शावक को जन्म दिया था। इसके बाद झुंड के व्यवहार और गतिविधियों में बदलाव देखा गया है। नवजात शावक के आसपास मौजूद हथिनी और झुंड के अन्य हाथियों के बेहद सतर्क एवं आक्रामक होने की आशंका रहती है।वन विभाग की निगरानी में हाथियों के झुंड को अलग-अलग दिशा में सुरक्षित तरीके से ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, झुंड के कुछ हाथियों को दामोदर नदी के दूसरी ओर स्थित जंगल की तरफ ले जाया गया है, जबकि दो शावकों समेत तीन हाथी गोबरदाहा के समीप दामोदर नदी क्षेत्र में नवजात शावक के साथ मौजूद हैं।

घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में माइकिंग शुरू कर लोगों को हाथियों से दूर रहने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों और आम लोगों से अपील की जा रही है कि हाथियों को देखने के लिए उनके पीछे न जाएं और न ही मोबाइल से फोटो, वीडियो या सेल्फी बनाने के लिए उनके करीब पहुंचें।वन विभाग के पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि हाथी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और किसी भी परिस्थिति में उनके करीब जाने की कोशिश न करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी के करीब जाना बेहद खतरनाक हो सकता है।

हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं। विभाग का प्रयास है कि हाथियों को बिना किसी टकराव के उनके प्राकृतिक कॉरिडोर और वन क्षेत्र की ओर भेजा जाए। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है।रामगढ़ के जंगलों और दामोदर नदी के आसपास हाथियों की बढ़ती मौजूदगी के बीच यह घटना लोगों के लिए बड़ी चेतावनी है। जंगली हाथी देखने का रोमांच कुछ मिनटों का हो सकता है, लेकिन उसके करीब जाने की एक गलती जिंदगी खत्म कर सकती है। वन विभाग ने लोगों से साफ कहा है कि हाथियों की गतिविधि की सूचना मिले तो भीड़ लगाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और विभाग की टीम के निर्देशों का पालन करें।

error: Content is protected !!