राँची के रातू थाना क्षेत्र में नर्सिंग के छात्र ने की खुदकुशी,जांच में जुटी है पुलिस…

 

राँची।जिले के रातू थाना क्षेत्र के बिजुलिया में शुक्रवार दोपहर एक नर्सिंग छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय आभाष कुमार, पिता पंकज कुमार गणेश, निवासी मंडप, बेरमो, बोकारो के रूप में हुई है। घटना दोपहर लगभग दो बजे की बताई जा रही है, जब छात्र अपने किराये के मकान में अकेले था। घटना की जानकारी तब हुई जब आभाष का रूम पार्टनर, जो उसके साथ किराये पर रहता था, दोपहर में खाना खाने घर आया। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर इंतजार करने के बाद उसने मकान मालिक को सूचित किया।मकान मालिक के प्रयास के बाद खिड़की से झांक कर देखने पर आभाष को बाथरूम में फंदे से झूलता देखा गया। इसके बाद रातू थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।

बुद्धा नर्सिंग कॉलेज में कर रहा था पढ़ाई

मृतक आभाष कुमार बुद्धा नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। वह बिजुलिया के पास आईटीबीपी के एक जवान के घर में किराये पर रह रहा था। घटना के समय उसका रूम पार्टनर कॉलेज में क्लास करने गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने घटना को बेहद दुखद बताया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है

error: Content is protected !!