डायन का आरोप लगा महिला की हत्या,शव पुलिया के पास मिला,घर से बाहर बुलाकर ले गए थे आरोपी
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड के बालजुड़ी गांव में अंधविश्वास के चलते एक 60 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। गांव के ही कुछ लोगों ने महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को गोईलकेरा जाने वाली पुलिया के पास फेंक दिया।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिया के पास महिला का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान जमुना पूर्ति (60) के रूप में हुई है। वह अपने छोटे बेटे शिव कुमार पूर्ति, बहू सुखमती पूर्ति और बेटी सूर्यमणि कुंकल के साथ गांव में रहती थीं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से गांव में उन पर डायन होने का संदेह जताया जा रहा था। गुरुवार देर रात कुछ लोगों ने उन्हें घर से बाहर बुलाया और बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

