ओलम्पिक के लिए चयनित झारखण्ड की बेटी निक्की और सलीमा को सांसद संजय सेठ ने दी बधाई

रांची। जापान में आयोजित होने वाले ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए चयनित झारखण्ड की निक्की प्रधान और सलीम टेटे को सांसद संजय सेठ ने बधाई दी है। बधाई संदेश में श्री सेठ ने कहा है कि हमारी बेटियां किसी से कम नहीं है। निक्की और सलीमा ने पूरे भारत में झारखण्ड का नाम रोशन किया है और मुझे विश्वास है कि जुलाई में जापान में आयोजित ओलंपिक में दुनिया भर में यह बेटियां भारत का झंडा बुलंद करेंगी।

श्री सेठ ने कहा कि निक्की और सलीमा झारखंड सहित भारत की उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा देने वाली हैं, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बना रही हैं। ऐसी हजारों बेटियों के लिए निक्की और सलीमा पथ प्रदर्शक बनेंगी। उन्हें रास्ता दिखाएंगी।

दोनों को शुभकामनाएं देते हुए श्री सेठ ने कहा है कि ईश्वर से मेरी कामना है कि दोनों बेटियां दुनिया भर में भगवान बिरसा मुंडा की धरती झारखण्ड का नाम रोशन करें। श्री सेठ ने अपने बधाई संदेश में कहा कि आज मेरी खुशी की कोई सीमा नहीं है। इन बेटियों ने जो किया है, वह हर झारखण्डवासी का मस्तक गर्व से ऊपर करने वाला है। दोनों बेटियों को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।